जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने किया भूमि पूजन, कहा—अभिलेखों का संरक्षण सुगम प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम
बलिया। जिला मुख्यालय स्थित वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय परिसर में सोमवार को प्रस्तावित अभिलेखागार भवन के निर्माण हेतु भूमि पूजन विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर जिलाधिकारी श्री मंगला प्रसाद सिंह ने भूमि पूजन कर अभिलेखागार निर्माण की औपचारिक शुरुआत की।
भूमि पूजन कार्यक्रम कोषागार मुख्य द्वार के समीप आयोजित हुआ, जहां पेंशनधारकों और वरिष्ठ नागरिकों की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।
वरिष्ठ कोषाधिकारी श्री आनन्द दूबे ने बताया कि वर्तमान समय में पुराने अभिलेखों, महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेजों तथा प्रशासनिक पत्रावलियों के सुव्यवस्थित संरक्षण के लिए अभिलेखागार का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक अभिलेखागार कोषागार के कार्यों को अधिक पारदर्शी, संगठित और दक्ष बनाएगा।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि "अभिलेखागार की स्थापना प्रशासनिक सुगमता और अभिलेख संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल कार्य प्रणाली में सुधार आएगा, बल्कि भविष्य में दस्तावेजों की उपलब्धता और सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।"
इस अवसर पर बी.एन. पाण्डेय, चन्द्रदेव मिश्र, प्रेम सुख श्रीवास्तव, डॉ. अखिलेश राय, डॉ. विजय आर्य, डॉ. आर.बी.एन. पाण्डेय, हरदेव राय, अनिल पाण्डेय, आबिद अली, अनिल गुप्ता, रीना मिश्र, प्रेम शीला तिवारी एवं प्रमोद श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
👉यह भूमि पूजन समारोह न केवल एक नई प्रशासनिक सुविधा की नींव है, बल्कि अभिलेख संरक्षण की दिशा में बलिया जनपद के लिए एक ऐतिहासिक पहल भी साबित होगा।
0 Comments