बलिया: भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह और उनके साथी विकास कुमार की राजस्थान के बहरोड़ स्थित शाहजहांपुर इलाके में हत्या कर दी गई। दोनों के शव अलग-अलग कुओं से बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अशोक सिंह 19 सितंबर को जयपुर के लिए निकले थे। उन्हें 9 लाख का जेनरेटर मात्र 3.5 लाख में दिलाने का झांसा दिया गया था। इसी बहाने ठगों ने उन्हें जाल में फंसा लिया। दो दिन बाद उनका मोबाइल बंद हो गया, जिसके बाद परिजनों ने दिल्ली में गुमशुदगी दर्ज कराई।
लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस को दोनों की अंतिम लोकेशन शाहजहांपुर के पास मिली। इसके बाद दो अलग-अलग कुओं से शव बरामद किए गए। शवों की शिनाख्त अशोक सिंह और विकास कुमार के रूप में हुई।
अशोक सिंह का अंतिम संस्कार लखनऊ में और विकास का अंतिम संस्कार बलिया में किया गया।
बहरोड़ के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों ने दोनों को जयपुर से गाड़ी में बैठाकर बहरोड़ लाया और हत्या कर शव कुओं में डाल दिया। गिरफ्तार आरोपियों में अजीत उर्फ दाना, इंद्रजीत उर्फ कोतवाल, नरवीर यादव उर्फ कालिया, मनजीत उर्फ बोहरा, नितिन उर्फ खोटा और राकेश यादव उर्फ टकली शामिल हैं। इन सभी पर पहले से हत्या, लूट और मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
0 Comments