बलिया : भारतीय जीवन बीमा निगम कार्यालय में आम हड़ताल, पूर्ण तालाबंदी रही


बलिया, 9 जुलाई 2025। देश के विभिन्न श्रमिक संगठनों द्वारा आहूत आम हड़ताल के समर्थन में आज भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के बलिया शाखा कार्यालय में पूरी तरह से कामकाज ठप रहा। कार्यालय का ताला नहीं खोला गया, जिससे सभी सेवाएं बाधित रहीं।

निगम के श्रमिक संगठन ऑल इंडिया इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के शाखा सचिव स्नेह प्रताप सिंह ने बताया कि यह हड़ताल बढ़ती बेरोजगारी और बेलगाम महंगाई के खिलाफ जनआक्रोश को व्यक्त करने के लिए आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम लोगों का जीवन दूभर कर दिया है, जबकि सरकार भावनात्मक मुद्दे उठाकर जनता का ध्यान भटका रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि निगम का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, बावजूद इसके नई भर्तियां लगभग ठप पड़ी हैं। हजारों कर्मियों के सेवानिवृत्त होने के बाद भी रिक्तियों को नहीं भरा जा रहा है। ऐसे में नई भर्ती नितांत आवश्यक है, जिससे युवाओं को रोजगार मिल सके।

इस अवसर पर बैंक संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने स्टेशन से मालगोदाम होते हुए निगम कार्यालय तक जुलूस निकाला। जुलूस सभा में परिवर्तित हुआ, जिसमें सेंट्रल बैंक, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ इंडिया सहित लगभग सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी शामिल हुए।

सभा को के एन उपाध्याय, अमित दुबे, अखिलेश सिंह, अक्षय सिंह, अंकित श्रीवास्तव, अनूप पांडेय, विवेक, बी के तिवाई, मनीष ओझा और शेषनाथ सिंह ने संबोधित किया।

जीवन बीमा निगम संगठन की ओर से स्नेह प्रताप सिंह, अजय तिवारी, रामजी तिवारी, अजीत प्रसाद, देवी प्रसाद ओझा, संतोष यादव, शालिनी मिश्रा, अमृता गुप्ता, साक्षी जायसवाल, प्रियंका सिंह, नवीन वर्मा, सूरज कुमार सिंह, अमित केशरी और ओमप्रकाश श्रीवास्तव सहित कई कर्मियों ने भाग लिया।

सभा की अध्यक्षता अजय तिवारी ने की तथा संचालन स्नेह प्रताप सिंह ने किया।



Post a Comment

0 Comments