बलिया। जिलाधिकारी श्री मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जूम माध्यम से जुड़े संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
जनता दर्शन में श्रीमती शारदा देवी पत्नी श्री प्रेमनाथ सिंह, निवासी बसंतपुर, तहसील बैरिया ने एक गंभीर प्रकरण रखते हुए बताया कि वह जीवित होते हुए भी राजस्व अभिलेखों में उन्हें मृतक दर्शाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बड़े पिताजी के पुत्रों ने वसीयत में हेरफेर कर, वर्ष 2023 में राजस्व रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवा लिया है।
शारदा देवी ने बताया कि वह अपने पिता स्व. राजा राम सिंह की एकमात्र संतान हैं और पूर्व में उनके नाम से भूमि दर्ज भी थी। लेकिन अब उन्हें कागजों में मृतक दिखाकर, उनके हक को छीनने का प्रयास किया गया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी बैरिया को जांच अधिकारी नामित करते हुए निर्देशित किया कि आगामी 03 दिवस में इस प्रकरण की विस्तृत जांच आख्या उपलब्ध कराई जाए।
0 Comments