बलिया : विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों के तुगलकी फरमान से जूनियर अधिकारी/कर्मचारी आंदोलनरत


बलिया (परिवर्तन चक्र)। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इन्जीनियर संगठन शाखा बलिया/विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति बलिया के द्वारा जनपद बलिया के अवर अभियन्ताओं एवं सहायक अभियन्ताओं के वेतन से जले परिवर्तकों (ट्रांसफार्मरों) की मरम्मत के धनराशि की वसूली करने के आदेश के विरोध में अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल बलिया के कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते हुए धरना प्रारम्भ किया गया। धरने के माध्यम से मांग किया गया कि निगम के उच्चाधिकारियों द्वारा जो तुगलकी फरमान जारी किया गया है उसे वापस करते हुए जिन-जिन अवर अभियन्ताओं के नाम वसूली के आदेश किए गये है उसे समाप्त किया जाए।

समस्त वक्ताओं ने धरने को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस प्रचण्ड गर्मी में जहाँ उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति करने का समय है ऐसी परिस्थिति में निगम का शीर्ष प्रबन्धन अपने तानाशाही रवैये से बेहतर विद्युत आपूर्ति न कराते हुए निगम के कर्मचारियों को आन्दोलन में झोंकने को विवश कर दिया है। जहाँ जिले के समस्त कर्मचारी पूरी क्षमता व मनोयोग से लगा हुआ है। प्रबन्धन किसी प्रकार का सहयोग न करके उत्पीड़न की कार्यवाही प्रारम्भ कर दी है। वक्ताओं ने कहा कि समय से परिवर्तकों एवं लाईनों की मरम्मत कार्य करने हेतु न ही समुचित संसाधन एवं सामग्री व मानव शक्ति संसाधन उपलब्ध कराया। इसके विपरित जनपद के कर्मचारियों को आन्दोलन में झोकने का काम किया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक ये उत्पीड़न की कार्यवाही समाप्त नही की जाती है तो आन्दोलन निरन्तर चलता रहेगा।

धरने में प्रमुख रूप से आशुतोष पाण्डेय, श्रीकान्त विश्वकर्मा, शशि कपूर, बिपिन कुमार सिंह, सुनील पाल, प्रवीन यादव, सुरेन्द्र गुप्ता, राम बाबू राय, गजेन्द्र सिंह, हिमालय चौहान, अनिल राम, रंजीत चौधरी, प्रदीप यादव, शुभव मौर्या, अम्बुज तिवारी, सुधीर मल्ल आदि उपस्थित रहे। सभा की अध्यक्षता बी०बी० सिंह व संचालन सहदेव चौबें ने किए।



Post a Comment

0 Comments