रसड़ा विधानसभा के पूर्व विधायक हरदेव जी का हुआ निधन


लखनऊ। पूर्व विधायक श्री हरदेव का निधन 29 मार्च 2025 को अपराह्न 1:30 बजे उनके लखनऊ स्थित आवास पर हुआ। वह 86 वर्ष के थे और लंबे समय से आयु संबंधी बीमारियों से ग्रसित थे। मूल रूप से बलिया जनपद के ग्राम फरहदा उर्फ पूरा, थाना भीमपुरा के निवासी श्री हरदेव ने अपना जीवन समाज सेवा और जनकल्याण को समर्पित किया। उन्होंने गरीबों, शोषितों और वंचितों के हक की लड़ाई लड़ी और हमेशा उनके उत्थान के लिए कार्य किया।

वह 1980 से 1989 तक बलिया जनपद की रसड़ा सीट से कांग्रेस के विधायक रहे और इस दौरान विधानसभा की कई विधायी संबंधित समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल के दौरान माननीय पूर्व मुख्यमंत्री श्री वी.पी.सिंह, श्री श्रीपति मिश्रा, श्री वीर बहादुर सिंह और श्री नारायण दत्त तिवारी के मुख्यमंत्री काल में उनकी गिनती सक्रिय विधायकों में होती थी। उन्होंने विधानसभा में कई विधायी कार्यों में योगदान दिया और जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया।

अपने सरल, मिलनसार स्वभाव और दृढ़ संकल्प के कारण वह समाज के सभी वर्गों में अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

श्री हरदेव अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिसमें चार पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं। उनका अंतिम संस्कार 30 मार्च 2025 को लखनऊ के भैंसाकुंड श्मशान घाट पर संपन्न होगा।



Post a Comment

0 Comments