मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अन्तर्गत महिला सशक्तिकरण रैली का शुभारम्भ किया


‘मिशन शक्ति’ अभियान को यूपी से शुरू होकर राष्ट्रव्यापी बना : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पर ‘मिशन शक्ति’ अभियान के चतुर्थ चरण के अन्तर्गत महिला सशक्तिकरण रैली को झण्डी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान पूरे प्रदेश में लोकप्रिय हुआ है। महिला सम्बन्धी अपराधों को नियंत्रित करने और अपराधियों को दण्डित करने में प्रदेश, देश के अग्रणी राज्यों में है। प्रदेश के मिशन शक्ति अभियान की सफलता का परिणाम है कि आज भारत सरकार ने भी महिला सुरक्षा के लिए चलने वाले अभियान का नाम मिशन शक्ति रखा है। यह इस बात को दर्शाता है कि यदि हम कोई भी ऐसा इनीशिएटिव लेंगे जो समाज के सम्मान और स्वावलंबन से जुड़कर व्यापक जागरूकता का कारण बनेगा, तो उसको राष्ट्रव्यापी बनने में देर नहीं लगती। 

महिला अपराधों को नियंत्रित करने के लिए ‘मिशन शक्ति’ अभियान का सुभारम्भ किया गया था : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की परम्परा में वर्ष में दो बार शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां भगवती दुर्गा के अनुष्ठान आयोजित होते हैं। यह मातृशक्ति के प्रति प्रत्येक भारतीय के मन में विश्वास और सम्मान का प्रतीक है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2020 में महिला सम्बन्धी अपराधों को नियंत्रित करने की दृष्टि से ‘मिशन शक्ति’ अभियान प्रारम्भ किया था। इसकी थीम सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन है। इन तीन आयामों को लेकर यह अभियान चलाया गया। आज के कार्यक्रम का उद्देश्य कल से प्रारम्भ होने वाले ‘मिशन शक्ति’ अभियान के चतुर्थ संस्करण के प्रति जागरूकता का प्रसार करना है।

महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाभार्थियों को समय पर सही जानकारी प्रदान की जानी चाहिए। आज इसीलिए प्रदेश के सभी 75 जनपदों में एक साथ महिला सुरक्षा के लिए यह जागरूकता रैली निकाली जा रही है। इसके उपरांत प्रत्येक जनपद में कार्यक्रम होंगे। स्कूल और विद्यालयों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। इन जनपदों में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े हुए क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। 

अपराधी महिला सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस करेगा तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरी तरफ प्रत्येक थाना क्षेत्र में इनफोर्समेन्ट का भी कार्य होगा। यदि कोई अपराधी महिला सुरक्षा में सेंध लगाने का दुस्साहस करेगा तो उससे सख्ती से निपटने के आदेश दिए गए हैं। जो लोग इस प्रकार के अपराध करने के अभ्यस्त हैं, उनके साथ सख्ती से निपटने की कार्रवाई प्रदेश भर में की जाएगी। प्रत्येक थाना क्षेत्र में महिलाओं के विरुद्ध हुए अपराधों के प्रति हुई कार्यवाही से सम्बन्धित सारे रिकॉर्ड समय पर प्राप्त किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। 

181 और 1090 हेल्प लाइन नम्बरों के उपयोग के बारे में व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि घरेलू हिंसा से पीड़ित महिला की मदद में ‘181’ हेल्प लाइन नम्बर किस प्रकार सहायक हो सकता है, ‘वन स्टॉप सेन्टर’ की क्या भूमिका हो सकती है, ‘1090’ हेल्प लाइन नम्बर किस रूप में सहायक हो सकता है तथा इमरजेंसी कॉल के नंबरों का प्रयोग किस रूप में किया जाय, इन सब के बारे में जागरूकता प्रसार के कार्यक्रम वर्ष भर निरंतर चलते रहेंगे। प्रदेश में इस दिशा में पहले से किए गए प्रयासों के अच्छे परिणाम आए हैं। अब इन प्रयासों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का कार्यक्रम ‘मिशन शक्ति’ अभियान के चतुर्थ संस्करण में दिखना चाहिए। प्रदेश में अलग-अलग स्तर पर भी जागरूकता से सम्बन्धित कार्यक्रम चलेंगे। स्वयं सहायता समूह भी विभिन्न जनपदों में ग्राम पंचायत स्तर पर इस प्रकार के कार्य कर रहे हैं।







संवाददाता-
वेद प्रकाश सिंह "पिंटू" 
लखनऊ।  

Comments