बलिया : जिले में चल रहा है दस्तक अभियान


●आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर ले रही हैं लोगो की सेहत का हाल 

●क्षय रोग, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया एवं कालाजार लक्षणयुक्त मरीजों  की भी हो रही खोज

संवाददाता - कृष्णकांत पांडेय 

बलिया संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जनपद में 17 जुलाई से दस्तक अभियान शुरु किया गया है जोकि 31 जुलाई तक चलाया जायेगा। इसमें आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में घर-घर जाकर लोगों की सेहत का हाल जान रही हैं। यह कहना है वेक्टर बोर्न के नोडल अधिकारी डॉ अभिषेक मिश्रा का।

उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान में संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के साथ ही क्षय रोग, कुष्ठ रोग, कालाजार एवं फाइलेरिया के लक्षणयुक्त मरीजों को भी चिन्हित किया जा रहा है। इस अभियान में आशा कार्यकर्ता और आगंनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि संचारी रोगों के प्रति जागरूक कर रही है। इसके साथ ही लक्षणयुक्त व्यक्तियों का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर सहित संपूर्ण विवरण ई- कवच पोर्टल पर अपलोड कर रही है। इनमे बुखार के रोगियों की सूची, आई एल आई (इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस) रोगियों की सूची, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची, कुष्ठ रोग तथा फाइलेरिया एवं कालाजार रोगों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची, कुपोषित बच्चों की सूची शामिल है। साथ ही क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया गया हो सूची तैयार कर एएनएम को उपलब्ध कराएंगी। 

जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि इस क्रम में दस्तक अभियान के तहत अभी तक खोजे गए संभावित क्षय रोग लक्षणयुक्त व्यक्तियों की  संख्या 98, संभावित मलेरिया लक्षणयुक्त व्यक्तियों की संख्या 352, मलेरिया धनात्मक 0, संभावित कालाजार लक्षणयुक्त व्यक्तियों की संख्या 47, संभावित फाइलेरिया के लक्षण युक्त व्यक्तियों की संख्या 168 तथा  अति कुपोषित बच्चों की संख्या 45 है। 45 अति कुपोषित बच्चों में से 19 बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में संदर्भित किया गया है। कालाजार के 47 लक्षण युक्त व्यक्तियों में से सभी की जांच हुई जिसमें धनात्मक 0, टीबी के 98 लक्षण युक्ति व्यक्तियों में से सभी को जांच हेतु स्वास्थ्य केंद्रों पर संदर्भित किया गया है।

उन्होंने बताया कि आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर- घर जाकर समुदाय को डेंगू, मलेरिया,कालाजार, फाइलेरिया आदि मच्छर जनित व संचारी रोगों से बचाव के लिए बेहतर व्यवहार को अपनाने के लिए जन जागरूक कर रही है। गृह भ्रमण के दौरान प्रमुख जगह पर संचारी रोगों के बचाव से जुड़े पोस्टर, स्टिकर लगाकर तथा स्वास्थ्य केंद्र पर होने वाली गतिविधियों में सहयोग कर रही हैं। जिला मलेरिया अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि अपने घरों के आसपास साफ-सफाई रखें, जलजमाव न होने दें, जलजमाव वाले पात्रों को नष्ट कर दें, मच्छरदानी का प्रयोग करें और पूरी आस्तीन वाले  कपड़े पहनें।



Comments