इज्जतनगर मंडल : 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबन्धक सुश्री रेखा यादव ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज


बरेली 27 जनवरी, 2023ः मंडल रेल प्रबन्धक, इज्जतनगर सुश्री रेखा यादव ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर रेलवे स्टेडियम, इज्जतनगर में आयोजित समारोह में 26 जनवरी 2023 को राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल के जवानों एवं भारत स्काउट-गाइड, इज्जतनगर के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत परेड का निरीक्षण किया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर नरवो द्वारा संचालित विद्यालयों, केन्द्रीय विद्यालय के बच्चों, स्काउट गाईड के सदस्यों द्वारा पीटी शो ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। ताई क्वांडो के बच्चों ने अनेक कर्तव दिखाकर दर्शकों के मस्तिष्क पटल पर अमिट छाप छोड़ी।


उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक सुश्री रेखा यादव ने भारत के 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें देते हुए कहा कि आज का दिन हम सभी को अपने संविधान के प्रति निष्ठा व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। सुश्री रेखा यादव ने सीमा पर तैनात सेना एवं सुरक्षा बल के जवानों के पराक्रम एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए विषम परिस्थितियों में भी देश की एकता एवं अखण्डता को बनाये रखने में अपना अतुलनीय योगदान देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने रेल के कर्मठयोद्धा जोकि कड़ी सर्दी, चिलचिलाती धूप एवं घनघोर वर्षा में भी अपनी कत्र्तव्यनिष्ठा से संरक्षित रेल संचलन को सुनिश्चित कर रहे के प्रति सहहृदय कृतज्ञता व्यक्त करते हुए मुक्त कंठ से प्रशंसा व्यक्त की। 


मंडल रेल प्रबंधक सुश्री रेखा यादव ने कहा कि इज्जतनगर मण्डल अपने सम्मानित यात्रियों को समयवद्ध, सुरक्षित, संरक्षित एवं आरामदायक रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित है एवं रेल परिवहन के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए अपने उपयोगकर्ताओं को द्रुतगामी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरन्तर प्रयासरत् है। उन्होनें मंडल द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों के लिए मंडल के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समेकित प्रयासों की सराहना तहेदिल से करते हुए आशा व्यक्त कि की वे मंडल को प्रगति के शिखर पर ले जाने में सफल होंगे।


मंडल पर हुई प्रगति का लेखा-जोखा साझा करते हुए सुश्री रेखा यादव ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में माह दिसम्बर, 2022 तक मंडल का कुल माल लदान 1.284 मिलियन टन रहा जोकि गत वर्ष की तुलना में 25.1 प्रतिशत अधिक है। मण्डल द्वारा माह दिसम्बर, 2022 तक कुल 766.5 रेकों के लदान से रु. 1 अरब 93करोड़ 50 लाख की आय अर्जित की गई। समयपालन की चर्चा करते हुए उन्होंने ने बताया कि मंडल पर अप्रैल से दिसम्बर 2022 तक ट्रेनों का समयपालन 96.72 प्रतिशत रहा जोकि गत वर्ष की तुलना में 1 प्रतिशत अधिक है। मंडल का समयपालन पूर्वोत्तर रेलवे की अन्य मंडलों की तुलना मे काफी बेहतर है। माल गाड़ियों की औसत गति वर्ष 2022-23 में 23.37 किमी प्रति घंटा रही जो गत वर्ष से 26.2 प्रतिशत अधिक है। 


रेल विद्युतीकरण पर प्रकाश डालते हुए सुश्री रेखा यादव ने बताया कि मंडल पर वित वर्ष 2022-23 के दौरान लालकुआँ- काशीपुर एवं मुरादाबाद- काशीपुर- रामनगर रेलखण्ड में कुल 154.96 रुट किलोमीटर का विद्युतीकरण किया गया है तथा मंडल में विद्युतीकरण हेतु शेष बचे मैलानी-शाहगढ़-पीलीभीत रेलखण्ड में कार्य प्रगति पर है। रेल संरक्षा पर उन्होंने बताया कि रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने और दुर्घटनाओं को न्यून करने के लिए अभी तक 11 समपारों पर सबवे बनाकर बन्द, 08 समपारों की इंटरलाँकिंग तथा 09 समपारों पर स्लाइडिंग बूम लगाने का कार्य किया गया है। 


इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रास्ट्रक्चर) श्री विवेक गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाँक्टर लक्ष्मी गुन्जियाल, शाखा अधिकारी, मान्यता प्राप्त यूनियन एवं एशोसिएशनों के पदाधिकारी, रेल कर्मचारी एवं उनके परिजन भारी संख्या में उपस्थित थे।



Comments