वाराणसी मंडल : कार्यालयी कार्यों में ही नहीं बल्कि जीवन के प्रत्येक कार्य में हिंदी का ही प्रयोग किया जाना चाहिए : रामाश्रय पाण्डेय


वाराणसी, 21 दिसम्बर, 2022; वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेन्दु सभा कक्ष में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक एवं ई ऑफिस की कार्यप्रणाली और हिंदी का प्रावधान विषय पर संगोष्ठी का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री ज्ञानेश त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री समीर पॉल, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक श्रीमती प्रीती वर्मा, वरिष्ठ मंडल आंकड़ा एव संसाधन प्रबंधक श्री एस एन राम, सहायक विद्युत इंजीनियर श्री मनीष श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी श्री अशोक कुमार, राजभाषा अधिकारी सह सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी श्री प्रदीप कुमार सिंह एवं स्टेशन राजभाषा समिति के सदस्यगण समेत सभी मंडलीय कर्मचारी उपस्थित रहे।


अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने मंडल पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न बिंदुओं पर हिंदी में कार्य करने हेतु निर्देश दिया। उन्होंने मूल पत्राचार शत-प्रतिशत हिंदी में करने। अंग्रेजी में प्राप्त पत्रों का उत्तर भी हिंदी में देने।


वाराणसी मंडल की वेबसाइट पर सभी सामग्री द्विभाषी में ही अपलोड करने। कंप्यूटर पर टाइपिंग के लिए यूनिकोड के प्रयोग को प्रोत्साहित करने हेतु मंडल की त्रैमासिक ''काशी प्रतिबिंब'' हिंदी पत्रिका के लिए तकनीकी लेख लिखने तथा अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान चेक लिस्ट के माध्यम से राजभाषा प्रयोग का भी निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा केवल कार्यालयी कार्यों में ही नहीं बल्कि जीवन के प्रत्येक कार्य में हिंदी का ही प्रयोग किया जाना चाहिए क्योंकि इसी से हमारी पहचान बनती है, हमें राजभाषा हिंदी का प्रयोग करते हुए गर्व का अनुभव होना चाहिए।

संगोष्ठी में सभी का स्वागत करते हुए अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री ज्ञानेश त्रिपाठी ने ई ऑफिस की कार्यप्रणाली और उसमें यूनिफार्म हिंदी के उपयोग हेतु फोनेटिक के साथ-साथ गूगल कीबोर्ड का प्रयोग करने का उपाय बताने के साथ ही रेल के सभी कार्य हिंदी में करने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने मंडल के तकनीकी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को मंडल की त्रैमासिक ''काशी प्रतिबिंब'' हिंदी पत्रिका हेतु तकनीकी लेख लिखने हेतु आमंत्रित किया।

तकनीकी संगोष्ठी "ई ऑफिस की कार्यप्रणाली और हिंदी का प्रावधान विषय पर वरिष्ठ अनुवादक राजभाषा, गोरखपुर श्री श्याम बाबू शर्मा द्वारा शानदार प्रस्तुति दी गई और उपस्थित कर्मचारियों को ई-ऑफिस पर हिंदी में कार्य करने का सरल तरीका समझाया। इस संगोष्ठी में मंडल के सभी प्रमुख शाखाधिकारी एवं 15 स्टेशनों पर गठित स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समितियों के अध्यक्ष सदस्य के रूप में सम्मिलित हुए साथ ही तकनीकी संगोष्ठी में सभी विभाग से कर्मचारियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया।

इसके पूर्व सभी का स्वागत करते हुए राजभाषा अधिकारी सह सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी श्री प्रदीप कुमार सिंह ने राजभाषा पर प्राप्त सुझावों पर विस्तृत चर्चा की और सुधार के बारे में बताया। इस बैठक के दौरान राजभाषा प्रगति की समीक्षा की गयी, पिछले कार्यान्वयन समिति की बैठक के कार्यवृन्त की पुष्टि की गयी तथा अगली बैठक हेतु सुझाव लिए गये।

समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन राजभाषा अधिकारी सह सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी श्री प्रदीप कुमार सिंह ने किया।

अशोक कुमार

जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी।



Post a Comment

0 Comments