बलिया : किसान सम्मान दिवस पर राज्य स्तरीय कृषि पुरस्कार से कृषि मंत्री के हाथों लखनऊ में सम्मानित हुए नगवा निवासी कृष्णकांत पाठक


दुबहड़, बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय मसूर उत्पादन में बलिया को तृतीय स्थान प्राप्त होने पर जनपद के नगवा निवासी कृष्णकांत पाठक को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर में शुक्रवार के दिन प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने प्रशस्ति पत्र एवं पचास हजार रुपए की धनराशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। 


विदित हो कि जनपद बलिया के नगवा निवासी कृष्णकांत पाठक कृषि विज्ञान से स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त कर गांव, क्षेत्र सहित जनपद के किसानों को खेती को नई तकनीक से बढ़ावा देने का कार्य करते आ रहे हैं। श्री पाठक 1985 में मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय बलिया से कृषि विज्ञान की उपाधि प्राप्त करने के बाद विभिन्न क्षेत्रों पत्रकारिता में भी कार्य करने के साथ ही कृषि से अपना काफी लगाव रखा। वह प्रदेश के कई प्रतिष्ठित अखबारों एवं वेव पोर्टल्स लिंक के ब्यूरो ऑफ़ चीफ के पद को भी सुशोभित कर चुके हैं। पुरस्कार लेने के बाद शनिवार की सुबह लखनऊ छपरा एक्सप्रेस से बलिया पहुंचने पर कृष्णकांत पाठक को उनके सहयोगी एवं शुभचिंतकों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। 

मौके पर रणजीत सिंह, सामाजिक चिंतक बब्बन विद्यार्थी, अजीत पाठक सोनू, नितेश पाठक, डॉ सुरेशचंद्र, पन्नालाल गुप्ता, अन्नपूर्णानंद तिवारी, नागेंद्र तिवारी, संदीप कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे। साथ ही बलिया के कई संगठनों के लोगों ने भी श्री पाठक को फोन से भी बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान किया।



Comments