लखनऊ। नगर निकाय के चुनाव सरकार ने प्रदेश में 18 नई नगर पंचायतों के गठन के साथ ही 20 नगर निकायों के सीमा विस्तार का फैसला किया है। नगर विकास विभाग द्वारा तैयार इससे संबंधित प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दे दी है। सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश में अब नगर निकायों की संख्या बढ़कर 752 हो जाएगी। अब तक प्रदेश में कुल 734 नगर निकाय हैं। इनमें 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद और 517 नगर पंचायत शामिल हैं।
कैबिनटे के फैसले की जानकारी देते हुए मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के मुताबिक छोटे कस्बों में रहने वाले लोगों को भी शहरी सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से नई नगर पंचायतों का गठन किया गया है। इससे इन कस्बो में रहने वाले लोंगों को भी सहूलित मिलेगी। सरकार के इस फैसले से नगर पंचायतें बनने और सीमा विस्तार वाले कस्बों का शहर की तरह विकास कराया जा सकेगा। साथ ही इन कस्बों में सड़क, पेयजल, सीवर, पथ प्रकाश और पार्क जैसी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए राज्य और केन्द्र सरकार की योजनाओं के तहत विकास कार्य कराया जा सकेगा।
प्रस्ताव के मुताबिक प्रतापगढ़, गोंडा और देवरिया में तीन-तीन नई नगर पंचायतों का गठन किया गया है। जबकि गोरखपुर और फतेहपुर में दो-दो नगर पंचायतों का गठन किया गया है। इसके अलावा लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, एटा, आजमगढ़ और संत कबीर नगर में एक-एक कस्बों को नगर पंचायत का दर्जा दिया गया है। इसके अलावा जिन 20 नगर निकायों का सीमा विस्तार किया गया है, उनमें 18 नगर पंचायत और दो नगर पालिका परिषद शामिल हैं।
इन 18 नई नगर पंचायतों का होगा गठन :
कटरा गुलाब सिंह बाजार, हीरागंज बाजार व गड़वारा बाजार (प्रतापगढ़), भीरा (लखीमपुर खीरी), गैसड़ी (बलरामपुर), खखरेरू व कारीकन धाता (फतेहपुर), तरकुलवा, पथरदेवा व बैतालपुर (देवरिया), मिरहची (एटा), तरबगंज, धानेपुर व बेलसर (गोंडा), मार्टिनगंज (आजमगढ़), हैसर बाजार धनघटा (संत कबीर नगर), उरूवा बाजार व घघसरा बाजार (गोरखपुर)।
इन 20 नगर निकायों का होगा सीमा विस्तार :
नगर पंचायत- मलिहाबाद (लखनऊ), सलोन (रायबरेली), महोली (सीतापुर), राजापुर (चित्रकूट), मटौंध (बांदा), पाली (हरदोई), लालगंज, कटरा मेदनी गंज व मानिकपुर (प्रतापगढ़), भगवंत नगर व ऊगु (उन्नाव), सहपऊ (हाथरस), बड़हल गंज (गोरखपुर), महराजगंज व कटघर लालगंज (आजमगढ़), अमिला (मऊ), पचपेड़वा (बलरामपुर), कुरारा (हमीरपुर)।
निकाय चुनाव अब 752 सीटों पर :
नई निकायों के गठन के फैसले के बाद प्रदेश में अब कुल 752 नगर निकायों में चुनाव कराया जाएगा। नवंबर में प्रस्तावित निकाय चुनाव को लेकर अब तक 734 निकायों में तैयारियां चल रही थीं। नगर विकास विभाग जल्द ही नई नगर पंचायतों और सीमा विस्तार वाले निकायों में वार्ड गठन के लिए परिसीमन का काम कराएगा।
जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष की आकस्मिक व्यय निधि बढ़ी
0 Comments