गृहमंत्री अमित शाह ने फेफना विधानसभा भाजपा प्रत्याशी उपेंद्र तिवारी के लिए मांगा वोट



बलिया। गृहमंत्री अमित शाह ने बलिया के फेफना में भाजपा प्रत्याशी उपेन्द्र तिवारी के समर्थन में चितबड़ागांव में रविवार को एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। कहा कि चार चरण के चुनाव हो चुके हैं। इसमें सपा-बसपा का सूपड़ा साफ हो चुका है। तीन सौ से ज्यादा सीटों के साथ भाजपा सरकार बनने का रास्ता साफ हो चुका है। पांचवें चरण में इस इमारत को बड़ी करना है।


श्री शाह ने भारत माता की जय के साथ अपने भाषण की शुरूआत करते हुए कहा कि यहीं रहकर भृगु मुनि ने संहिता की रचना की थी। बलिया का नाम सुनते ही शरीर के अंदर बिजली दौड़ जाती है। हजारी प्रसाद द्विवेदी, आचार्य परशुराम चतुर्वेदी, अमरकांत का नाम लेते हुए कहा कि यह धरती जेपी और चन्द्रशेखर की भी है। मैं रोज डायरी लिखता हूं। पांच साल पहले इसी दिन फेफना में आया था। उपेन्द्र तिवारी प्रचंड बहुमत से जीते थे। मैं 2014 में लोकसभा के चुनाव में भी आया था और कहा था कि प्रदेश में कानून का राज भाजपा ही ला सकती है। 2017 में प्रचंड बहुमत से सरकार बनी। पांच साल में योगी ने यूपी से माफियाओं को चुन चुन कर साफ किया। सपा की सरकार गलती से भी बनी तो अतीक, मुख्तार और आजम खान जेल में नहीं रहेंगे। ये माफिया तभी तक जेल में हैं जब तक भाजपा की सरकार है। यूपी में इन माफियाओं ने हजारों करोड़ की भूमि कब्जाई थी। योगी ने दो हजार करोड़ की सरकारी भूमि को वापस करा कर गरीबों के घर बनाए। एक जमाना था। यूपी में तमंचे और गोली बनती थी। आज यूपी वही है अब यहां तोप के कारखाने बन रहे हैं। यहां बन रहे गोलों से पाकिस्तान के दिल दहल गए हैं। इस परिवर्तन को आगे बढ़ाना है। ये बुआ-भतीजा ने पन्द्रह साल में यूपी को नौवें नम्बर पर छोड़ कर गए थे। हम पांच साल में पांचवें नम्बर पर लाए। अपील किया कि एक बार फिर भाजपा को बहुमत दे दो, दो ही साल में यूपी को नम्बर एक अर्थव्यवस्था बना देंगे। भाजपा के वादे को मोदी जी ने पूरा किया। यूपी में एक करोड़ 67 लाख गैस सिलेंडर दिया गया है। फिर सरकार बनेगी तो होली और दीवाली पर फ्री सिलेंडर दिया जाएगा। एक बार फिर सरकार बनी तो पांच साल तक यूपी के किसानों को मुफ्त बिजली मिलेगी।


दो करोड़ 61 लाख शौचालय बनाया गया। एक करोड़ 42 लाख घरों में बिजली पहुंचाई। अब यूपी में 22 घण्टे से ज्यादा बिजली दी योगी ने दी। पहले यूपी में लोग मच्छर और माफिया से परेशान थे। मोदी जी ने स्वच्छता अभियान से मच्छरों से और योगी जी माफिया से मुक्ति दिलाई है। पहले 16 सौ बच्चे डॉक्टर बनते थे। अब 42 सौ बच्चे डॉक्टर बनते हैं। योगी ने यूपी को बीमारू राज्य से निकाल कर समृद्ध प्रदेश बनाया। अखिलेश यादव ऐसा चश्मा लगाते हैं, जिसके एक चश्मे से एक ही जाती दिखती है। दूसरे से एक ही धर्म दिखता है। उसमें हम और आप नहीं आते।


भाजपा प्रत्याशी उपेन्द्र तिवारी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने गरीब कल्याण किया है। जो कार्य इस दौरान हुए हैं। उसे आगे बढ़ाने के लिए एक बार फिर प्रदेश में भाजपा सरकार का आना जरूरी है। कहा कि फेफना विधानसभा क्षेत्र को मॉडल बनाना है। उपेन्द्र तिवारी ने खुद के लिए अबकी बार एक लाख पार और प्रदेश के लिए अबकी बार तीन सौ पार का नारा दिया। झारखंड के गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे ने कहा कि यूपी का विधानसभा चुनाव सुर और असुर के बीच का है। यह चुनाव मोदी और योगी को मजबूत बनाने का चुनाव है। इस मौके पर सांसद वीरेन्द्र मस्त, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व विधायक गोरख पासवान और जयप्रकाश साहू आदि थे। संचालन राजीव मोहन चौधरी ने किया।







Comments