अगर आप भी खाना खाने के तुरंत बाद सो जाते हैं, तो आपको भी ये परेशानी हो सकती है।
आजकल हमारी लाइफस्टाइल इतनी व्यस्त हो गई है कि हम अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान नहीं रख पाते हैं। लोग सुबह जल्दी उठकर ऑफिस जाते हैं और रात को देर से आते हैं। फिर अगली सुबह जल्दी ऑफिस जाने के चक्कर में रात में भी जल्दी खाकर सो जाते हैं। ऐसे में भोजन को पचने और शरीर के दूसरे अंगों तक ठीक से पहुंचने का समय नहीं मिलता है, जिससे कई बीमारियां धीरे-धीरे आपको घेर सकती है। इसके अलावा कई लोगों को दोपहर के खाने के बाद तुरंत सोने की आदत होती है। ये भी आपके लिए खतरनाक साबित हो सकता है। आपको इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि खाना खाने के बाद उसे पचने में 3-4 घंटे का समय लगता है लेकिन अगर उस दौरान आप सो जाते हैं, तो खाना दोनों आंतों में ठीक से पच नहीं पाता और आपके पूरे शरीर में खाने के पोषक तत्व अच्छे से नहीं पहुंच पाते हैं। इस विषय के बारे में विस्तार से बता रहे हैं।
खाना खाने के बाद सोने के नुकसान :
दोपहर या रात के खाने के बाद तुरंत सोने के कई नुकसान है। इससे आपका शरीर कई बीमारियों का घर भी बन सकता है। इसलिए अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो सावधान हो जाइए।
1. पाचन तंत्र प्रभावित होता है : अगर आप दोपहर या रात के खाने के बाद तुरंत सो जाते हैं, तो आपका पाचन तंत्र प्रभावित होता है। इससे आपका खाना अच्छे से पच नहीं पाता है। दरअसल तुरंत सोने के बाद शरीर में कोई एक्टिविटी नहीं होती है, जिसके कारण शरीर को भोजन पचाने में अधिक समय लगता है और उठने के बाद भी आपको फ्रेश फील नहीं होता है।
2. हार्ट की समस्या : डॉ सुगीता के अनुसार, खाना खाने के बाद तुरंत सोने से भोजन का पाचन से अच्छे से नहीं होता है और अगर आप अधिक तैलीय खाना खाते हैं, तो इससे आपको हार्ट समस्या भी हो सकती है। इससे आपको कोलेस्ट्रोल लेवल बढ़ सकता है, जिससे हार्ट स्ट्रोक, ब्लॉक और अटैक का खतरा बढ़ जाता है।
3. एसिडिटी की परेशानी : खाना खाकर अगर आप टहलते हैं, तो खाना अच्छे से पचता है लेकिन सोने से बात बिगड़ सकती है। इससे एसिडिटी की समस्या बढ़ जाती है क्योंकि लेटने से एसिड रिफलक्स होने लगता है, जिसकी वजह से अपच, गैस और कब्ज की समस्या भी होने लगती है।
4. वजन बढ़ना : खाना खाने के तुरंत सोने के बाद कैलोरी बर्न नहीं होती है, जिसके कारण अचानक आपका वजन बहुत ज्यादा बढ़ने लगता है। फिर अगर आप एक्सरसाइज भी करते हैं, तो आपका वजन आसानी से कम नहीं होता है इसलिए हमेशा कोशिश करनी चाहिए कि खाना खाने के बाद कुछ काम कर लें या थोड़ी देर टहलें।
5. अनिद्रा और थकान : खाना खाने के तुरंत सोने के बाद अपच की वजह से आपको अच्छे से नींद नहीं आती है, जिसके बाद धीरे-धीरे आपको अनिद्रा की शिकायत होने लगती है। अनिद्रा के कारण आपकी दिनचर्या बिगड़ सकती है और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या भी हो सकती है।
6. डायबिटीज की समस्या : अगर खाने के बाद तुरंत सोते हैं, तो रक्त में शुगर की मात्रा बढ़ सकती है क्योंकि सोने की वजह से शरीर एक्स्ट्रा फैट और शुगर को पचा नहीं पाता है, जो आपके लिए डायबिटीज का खतरा उत्पन्न कर सकता है। खाना खाने के बाद शारीरिक गतिविधियां जरूरी होती है।
खाना खाने के बाद कैसे सो सकते हैं : अगर आप बहुत थक गए हैं, तो डॉ सुगीता के अनुसार आप दोपहर के खाने के बाद सोफे या कुर्सी पर बैठकर कुछ देर आराम कर सकते हैं लेकिन आपको बेड पर सोना नहीं चाहिए। हां लेकिन दोपहर या रात के खाने तके बाद बुजुर्ग, बच्चे या गर्भवती महिलाएं अगर सोना चाहती है, तो सो सकती है। इसके अलावा अगर कोई बीमार व्यक्ति है या डॉक्टर ने खाना खाने के बाद आराम करने को कहा है, तो वैसे लोगों को जरूर आराम करना चाहिए। डॉ राजीव के अनुसार, एक स्वस्थ व्यक्ति को रात के खाने के 2-3 घंटे बाद ही सोना चाहिए इसलिए आप कोशिश करें कि रात को 6-7 बजे के बीच डिनर कर लें। अगर आप बहुत देर से खाते हैं, तो बिल्कुल हल्का खाना खाएं और कम से कम 1 घंटे बाद ही सोने की कोशिश करें। इससे आपका स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा।
खाना खाने के बाद कैसे सोना या बैठना चाहिए : खाना खाने के बाद कभी पेट के बल या पीठ के बल नहीं सोना चाहिए। इसे खाने के पाचन में परेशानी हो सकती है। इसके अलावा आपके पेट में दर्द भी हो सकता है। हमेशा खाने के बाद करवट लेकर सोने की कोशिश करें या फिर अगर आप खाना खाने के बाद बैठना चाहते हैं, तो बिल्कुल आराम की मुद्रा में बैठें। पैरों पर पैर चढ़ाकर बैठने या गलत पोजिशन में न बैठें। इससे पेट में दर्द या भारीपन महसूस हो सकता है। हमेशा हल्का खाना खाने की कोशिश करें ताकि आपको भारीपन का अनुभव न हो।
खाना खाने के बाद कौन सा आसन करें : खाना खाने के बाद वज्रासन करने के कई लाभ है। इससे खाना अच्छे से पचता है। साथ ही आपको एनर्जी भी मिलती है और पैरों की मांसपेशियों में भी आराम मिलता है। इसकी मदद से वजन भी नियंत्रित रहता है और अपच की परेशानी भी नहीं होती है।
साभार-Onlymyhealth
0 Comments