बलिया : धूमधाम से मनाया गया 73वां गणतंत्र दिवस

 



पुलिस लाइन में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ने ली परेड की सलामी

कहा, तमाम कुर्बानियों के बाद ले रहे शानदार गणतंत्र का आनंद

बलिया: जिले में 73वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। सभी सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों पर झंडारोहण के बाद गणतंत्र दिवस के महत्व को रेखांकित किया गया। 

पुलिस लाइन में मुख्य कार्यक्रम हुआ। तमाम कमांडरों के नेतृत्व में शानदार परेड का आयोजन हुआ। परेड की सलामी मुख्य अतिथि जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने ली। उन्होंने तिरंगे रूपी गुब्बारे के साथ शांति के प्रतीक के रूप में कबूतर छोड़े। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बहादुर पुलिस जवानों को प्रशस्ति पत्र व मेडल भी दिया गया।

बतौर मुख्य अतिथि अपने सम्बोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अनेक सेनानियों ने कुर्बानियां दी है, तभी आज इस चमकते सूरज के नीचे हम सब गणतंत्र दिवस का आनंद ले पा रहे हैं। आम तौर पर यह जिला पिछड़े जिलों में जाना जाता है, पर इस शुभ अवसर पर भरोसा दिलाता हूँ कि न्यायिक, प्रशासनिक, पुलिस, मीडिया के साथ जन सहयोग से बलिया को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। 

जिलाधिकारी ने कहा कि यहां 60 मतदान के आसपास ही लोग मतदान करने जाते हैं। यानी 40 फीसदी लोग बूथ तक नहीं जाते हैं। इसको सुधारना है। समस्त जनपदवासी यह संकल्प लें कि इस बार हर एक मतदाता बूथ तक जाएंगे और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराएंगे। शानदार परेड के लिए सभी कमांडर व आरक्षियों की सराहना की।

पुलिस अधीक्षक राजकरण नैय्यर ने सभी को एकता-अखण्डता बनाए रखने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में कॉस्टरब्रिज स्कूल, सेंट जेवियर्स स्कूल, प्राथमिक पाठशाला बेलहरी सहित अन्य स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्नेहा डे ने कथक नृत्य से सबका मन मोह लिया। सेनानी व उनके आश्रितों को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर जिला जज विकार अहमद अंसारी, एडीएम राजेश कुमार, एएसपी विजय त्रिपाठी, सीओ प्रीति त्रिपाठी, सूचना अधिकारी अनुराग रंजन सहित अन्य न्यायिक, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ अन्य लोग मौजूद थे।




Post a Comment

0 Comments