जेल में आग लगने से 41 लोगों की मौत, 80 से अधिक झुलसे


जकार्ता। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के निकट तांगेरांग कस्बे की एक जेल में बुधवार तड़के आग लगने से कम से कम 41 लोगों की मौत हो गयी और 80 अन्य झुलस गये।

जकार्ता के मुख्य पुलिस महानिरीक्षक फादिल इमरान ने बताया कि आठ कैदी गंभीर रूप से झुलस गये हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को पास के अस्पतालों और स्वास्थ्य क्लीनिकों में भर्ती कराया गया है।

जकार्ता पुलिस के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ आयुक्त युसरी यूनुस ने बताया कि आग स्थानीय समयानुसार तड़के 2:20 बजे लगी और इसे तड़के साढ़े तीन बजे बुझा दिया गया। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

इंडोनेशिया के कानून एवं मानवाधिकार मंत्रालय में जेल विभाग की प्रवक्ता रिका अपरियांती ने बताया कि 40 कैदियों को रखने के लिए बनाये गये भीड़भाड़ वाले ब्लॉक में 122 लोग रखे हुए थे। उन्होंने बताया कि प्रभावित ब्लॉक में रखे गये कई कैदी मादक पदार्थों से संबंधित मामलों में शामिल थे।




Comments