प्रसिद्ध वेटरन एथलीट मिल्खा सिंह आखिरकार कोरोना वायरस से जिंदगी की जंग हारे, 91 की उम्र में हुआ निधन


फ्लाइंग सिख’ के नाम से मशहूर प्रसिद्ध वेटरन एथलीट मिल्खा सिंह आखिरकार कोरोना वायरस से जिंदगी की रेस हार गए। उन्होंने शुक्रवार देर रात अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनकी पत्नी की भी 5 दिन पहले कोरोना से मौत हुई थी। जिससे वे सदमे में थे। उनके निधन पर पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि दी है। ‘फ्लाइंग सिख’ (91) को कोरोना हुआ था। वह पहले मोहाली के निजी अस्पताल में काफी दिनों तक एडमिट रहे। उसके बाद उन्हें घर लाया गया। इसके बाद दोबारा तबीयत बिगड़ने पर उन्हें फिर से पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया था। तब से उनका पीजीआई में चल रहा था।

जीवन में कभी हार न मानने वाले मिल्खा सिंह के संघर्ष पर बॉलीवुड की फिल्म ‘भाग मिल्खा भाग’ बनी है। मिल्खा सिंह के बेटे जीव मिल्खा सिंह मशहूर गोल्फर हैं। मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह का इसी 13 जून को कोरोना से निधन हो गया था। ठीक पांच दिन बाद महान धावक ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया है। मिल्खा सिंह की पत्नी 85 वर्ष की थीं। वह भारतीय महिला वालीबॉल टीम की पूर्व कप्तान और पंजाब सरकार में पूर्व खेल निदेशक (महिला) रह चुकीं थीं। उड़न सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह 19 मई को कोरोना संक्रमित हुए थे। उसके बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

हालत में सुधार होने के बाद परिजनों के आग्रह पर उन्हें घर पर शिफ्ट कर दिया गया था। इस दौरान अमेरिका से उनकी डॉक्टर बेटी चंडीगढ़ आ गई थीं और वही उनका ख्याल रख रही थीं। तीन जून को उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उन्हें पीजीआई में दाखिल कराना पड़ा। तब से उनका इलाज पीजीआई में चल रहा है। उनकी रिकवरी ठीक चल रही थी। शुक्रवार सुबह तक सब ठीक चल रहा था। उन्होंने कॉफी पी और परिवार के लोगों से बातचीत भी की। सुबह नौ बजे के बाद उनकी तबीयत खराब होने लगी। मिल्खा सिंह की हालत गंभीर होने की सूचना मिलते ही उनका पूरा परिवार पीजीआई पहुंच गया है। देर रात तक सभी लोग पीजीआई में थे।

देर रात निधन की खबर से शोक की लहर दौड़ गई। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिल्खा सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, “हमने एक महान खिलाड़ी को खो दिया है। भारतीयों के दिलों में मिल्खा सिंह के लिए खास जगह थी। उन्होंने लोगों को अपने व्यक्तिव से प्रेरित किया। मैं उनके निधन से मैं बहुत दुखी हूं।”





Comments