सी.एम.एस. के दो छात्र पी.सी.एस. में चयनित



लखनऊ, 16 अप्रैल। सिटी मोन्टेसरी स्कूल के दो मेधावी छात्रों अमित गुप्ता (सी.एम.एस. महानगर कैम्पस) एवं दिव्यांशु पाण्डेय (सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर कैम्पस) ने पी.सी.एस. में चयनित होकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। जहाँ एक ओर सी.एम.एस. महानगर कैम्पस के छात्र अमित गुप्ता का यू.पी.पी.सी.एस.-2020 में 35वीं रैंक के साथ एस.डी.एम. के पद पर चयन हुआ है जबकि सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर कैम्पस के छात्र दिव्यांशु पाण्डेय टैक्स एसेसमेन्ट आफीसर के पद पर चयनित हुए हैं। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने विद्यालय के इन मेधावी छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि सी.एम.एस. के ये होनहार छात्र अपने कार्यक्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ ही आदर्श समाज की संरचना में अपना रचनात्मक योगदान देंगे। इन छात्रों की सफलता पर पूरे सी.एम.एस. परिवार को गर्व है।

सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. के इन मेधावी छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, माता-पिता के आशीर्वाद एवं विद्यालय से मिले प्रेरणादायी विचारों व विद्यालय के वातावरण को दिया है। श्री शर्मा ने बताया कि अमित गुप्ता ने वर्ष 2013 में आई.एस.सी. (कक्षा-12) की परीक्षा  सी.एम.एस. महानगर से उत्तीण की एवं इसके उपरान्त नेशनल इन्स्टीट्यूट आफ टेक्नोलाॅजी, हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश से बी.टेक. किया। पी.सी.एस. में अपनी सफलता के बारे में बताते हुए अमित ने कहा कि ‘‘मैं बहुत भाग्यशाली हूँ कि मुझे सी.एम.एस. जैसे संस्थान में पढ़ाई का अवसर मिला। मैं शुरू से ही सिविल सर्विसेज में जाना चाहता था तथापि सी.एम.एस. में मेरे शिक्षकों ने मुझे अपने सपनों का पूरा करने का भरपूर हौसला व प्रेरणा दी।’’ इसी प्रकार, पी.सी.एस में टैक्स एसेसमेन्ट आफीसर के पद पर चयनित सी.एम.एस. राजेन्द्र नगर कैम्पस के छात्र दिव्यांशु पाण्डेय ने बताया कि ‘‘मेरे कैरियर को संवारने में सी.एम.एस. की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसने स्कूली शिक्षा के दौरान मेरी क्षमताओं के विस्तार व व्यक्तित्व विकास के ढेरों अवसर उपलब्ध कराये।’’ 

श्री शर्मा ने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि सी.एम.एस. के इन मेधावी छात्रों ने अपनी मेधा, प्रतिभा व लगन से लखनऊ का नाम रोशन किया है। प्रतिवर्ष सी.एम.एस. के छात्र आई.ए.एस. एवं पी.सी.एस., जैसी अत्यन्त प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं। सी.एम.एस. अपने छात्रों को उत्कृष्टता की ओर सतत् प्रयासरत रहने को प्रेरित करता है एवं इसी अनुरूप उन्हें भविष्य की चुनौतियों हेतु तैयार करता है। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र आज विश्व स्तर पर अपनी उपलब्धियों का परचम लहरा रहे हैं। 

(हरि ओम शर्मा)

मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी

सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ।        


                                                       

Comments