ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन की मौत, कई घायल


वाशिंगटन। अमरीका में एक बार फिर से गोलीबारी की एक घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि अमरीका के विस्कॉन्सिन प्रांत में एक बार में गोलीबारी की गई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया है कि विस्कॉन्सिन प्रांत में केनोशा काउंटी के एक बार में गोलीबारी की घटना घटी है। काउंटी के सार्जेंट डेविड राइट ने जानकारी दी है कि रविवार तड़के सोमर्स गांव के एक बार में यह घटना घटी है।

उन्होंने आगे बताया कि यह हमला टारगेट कर किया गया था। फिलहाल हमलावरों को पकड़ा नहीं जा सका है। राइट ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। बहुत जल्द हमलावरों को पकड़ लिया जाएगा।

मामूली विवाद को लेकर चली गोली

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि बार में मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों में बहस शुरू हुई और फिर एक पक्ष ने गोलीबारी की घटना को अंजाम दे दिया। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने बार को सील कर दिया है और जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले इसी सप्ताह गुरुवार को अमरीका के इंडियानापोलिस के ‘फेडएक्स’ कंपनी के एक परिसर में गोलीबारी की एक घटना घटी थी। इस घटना में चार सिख समुदाय के चार लोगों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। वहीं पिछले महीने कैलीफोर्निया स्थित एक कार्यालय में गोलीबारी की घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी।




Comments