अजवाइन है गुणों का खजाना, इस तरह से सेवन से कम होगा बीमारियों का खतरा


अजवाइन में एंटी-इंफ्लेमेट्री, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण पाए जाते हैं जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं

Ajwain Health Benefits : भारतीय रसोई में हर मसाले का इस्तेमाल भरपूर मात्रा में किया जाता है। स्वाद बढ़ाने के साथ सेहत के लिए भी इनका इस्तेमाल सदियों से आयुर्वेद में किया जाता है। अजवाइन भी इन्हीं मसालों में से एक है जो अपने स्वास्थ्य गुणों के लिए जाना जाता है। हरे से लेकर भूरे रंगों में पाया जाने वाला ये छोटा सा अजवाइन अपने गंध व कड़वे स्वाद से पहचाना जाता है। हल्का भुनकर इनका इस्तेमाल कई सब्जियों में होता है। साथ ही, लोग पूड़ी-पराठों में भी इसे डालते हैं। कई लोग ऐसा इसके पाचन संबंधी विकारों को ठीक करने के लिए भी करते हैं। सिर्फ पेट के लिए ही नहीं बल्कि पूरे शरीर के लिए अजवाइन का सेवन फायदेमंद है, आइए जानते हैं–

कंट्रोल करता है यूरिक एसिड : 

अजवाइन में कई ऐसे गुण पाए जाते हैं जो हाइपरयूरिसेमिया के मरीजों के लिए लाभप्रद है। इसमें एंटी-इन्फ्लेमेट्री तत्व पाए जाते हैं जो सूजन को कम करने में मददगार हैं। वहीं, हाई यूरिक एसिड के कारण होने वाली कई अन्य समस्याओं से राहत दिलाने में कारगर है।

रक्तचाप पर रखता है नियंत्रण : 

अजवाइन में कार्वाक्रोल नामक तत्व पाया जाता है। ये रक्त धमनियों पर पड़ने वाले दबाव को कम करता है। केवल हाई ब्लड प्रेशर ही नहीं निम्न रक्तचाप के मरीजों के लिए भी अजवाइन का सेवन फायदेमंद है। मोटापा भी ब्लड प्रेशर बढ़ाने के लिए जिम्मेदार होता है, ऐसे में अजवाइन फायदेमंद साबित हो सकता है। वजन कम करने के अजवाइन का पानी लाभकारी होता है। शरीर के फैट को भी आसानी से बर्न करता है।

मजबूत होगी इम्युनिटी : 

अजवाइन में एंटी-इंफ्लेमेट्री, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण पाए जाते हैं जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। यही नहीं, बंद नाक या साइनस के मरीजों के लिए भी इसका इस्तेमाल फायदेमंद साबित हो सकता है। अजवाइन को कपड़े में रखकर गर्म कर लें और सोते वक्त उसे अपने तकिए के पास रख लें।

ब्लड शुगर करता है कंट्रोल : 

अजवाइन प्रोटीन, फैट, फाइबर जैसे कई अन्य पोषक तत्वों से भरपूर होती है। इसके अलावा, इसमें फॉस्फोरस, कॉपर, मैंगनीज, आयरन, कोबाल्ट, आयोडीन जैसे कई दूसरे खनिज पदार्थ भी पाए जाते हैं। ये सभी तत्व मिलकर शरीर में रक्त शर्करा के स्तर पर संतुलन बनाने में मदद करते हैं।

कैसे करें सेवन : 

सबसे पहले अजवाइन को पानी में भिगोकर रातभर छोड़ दें। अगली सुबह इस पानी को उबाल लें। उबालने के बाद इसे छान लें और हल्का ठंडा होने के लिए छोड़ दें। इसके बाद इस पानी को पी लें। सुबह खाली पेट इसे पीने से बेहतर परिणाम प्राप्त होंगे।



Comments