अमेरिका की मियामी यूनिवर्सिटी में उच्चशिक्षा हेतु सी.एम.एस. छात्र ‘प्रेसीडेन्शियल फेलो’ के रूप में चयनित

 


लखनऊ, 23 मार्च। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के मेधावी छात्र एवं आई.एस.सी. बोर्ड परीक्षा-2020 के नेशनल टाॅपर सुमित कुमार त्रिपाठी को उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका की अत्यन्त प्रतिष्ठित मियामी यूनिवर्सिटी में ‘प्रेसीडेन्शियल फेलो’ के रूप में एडमीशन हेतु चयनित किया गया है, जो कि अपने आप में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस प्रकार, सी.एम.एस. के इस प्रतिभाशाली छात्र ने अपनी लगन, प्रतिभा व शैक्षणिक उत्कृष्टता के दम पर लखनऊ का नाम गौरवान्वित किया है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि कई राउण्ड के साक्षात्कार एवं लिखित परीक्षा के उपरान्त विश्व भर के कुल 3500 छात्रों में मात्र 15 छात्रों को ‘प्रेसीडेन्शियल फेलोशिप’ हेतु चयनित किया गया है, जिनमें सी.एम.एस. गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के छात्र सुमित कुमार त्रिपाठी भी शामिल हैं। ‘प्रेसीडेन्शियल फेलो’ के रूप में सुमित को चार वर्षों की उच्चशिक्षा अवधि के दौरान 100 प्रतिशत स्काॅलरशिप प्रदान की जायेगी, जिसमें शैक्षणिक शुल्क के साथ-साथ रहने-खाने का खर्च भी शामिल है। इसके अलावा, उसे 5000 अमेरिकी डालर का एकेडमिक इन्रिचमेन्ट फंड भी प्रदान किया जायेगा। शैक्षणिक क्षेत्र में सर्वोच्च प्रदर्शन करने वाले छात्रों को ‘प्रेसीडेन्शियल फेलोशिप’ प्रदान की जाती है जो कि मियामी यूनिवर्सिटी में उच्चशिक्षा प्राप्त करने वाले छात्रों के लिए एक अनूठा शैक्षणिक प्रोग्राम है। श्री शर्मा ने बताया कि सुमित को हाँगकाँग की यूनिवर्सिटी आॅफ हाँगकाँग द्वारा भी उच्चशिक्षा हेतु 100 प्रतिशत स्काॅलरशिप प्रदान की गई है। इसके अलावा, आस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी आॅफ सिडनी ने एडमीशन हेतु आमन्त्रित किया है।

श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने सुमित की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सी.एम.एस. अपने सभी छात्रों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के साथ ही विदेशों के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में भी उच्चशिक्षा प्राप्त करने के अवसर उपलब्ध करा रहा है। डा. गाँधी ने विद्यालय के विद्वान व कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया है, जिनकी कड़ी मेहनत, मार्गदर्शन व प्रोत्साहन की बदौलत विद्यालय के छात्र शिक्षा जगत में नई ऊँचाइयों को छू रहे हैं।

श्री शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष सी.एम.एस. के 100 से अधिक मेधावी छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 45 से अधिक छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में चयनित हो चुके है, जिनमें से अधिकतर को स्काॅलरशिप प्राप्त हुई है। श्री शर्मा ने आगे कहा कि सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को भारत में एवं विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। सी.एम.एस. प्रदेश में एकमात्र एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद कर रहा है। इससे पहले, विदेश में उच्चशिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक प्रदेश के छात्रों को सैट परीक्षा के लिए दिल्ली जाना पड़ता था।

(हरि ओम शर्मा)

मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी

सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ। 



Comments