पिता जेल में और मां तड़ीपार, जानिए कौन हैं घोड़े पर विधानसभा पहुंचने वाली विधायक अम्बा प्रसाद


झारखंड में बड़कागांव से कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद चर्चा में हैं। वह घोड़े पर सवार होकर विधानसभा पहुंची थीं। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घोड़े के साथ अंदर जाने से रोक दिया था। आइए जानें कौन हैं अम्बा प्रसाद।

अम्बा प्रसाद सहज 29 साल में विधायक चुनी गई थीं। वह मौजूदा झारखंड विधानसभा की सबसे युवा विधायक हैं।

बड़कागांव विधानसभा से ही अम्बा प्रसाद के पिता योगेंद्र साहू 2009 में और मां निर्मला देवी ने 2014 में चुनाव जीता और विधानसभा पहुंचे थे।

अम्बा प्रसाद के पिता 2009 में राज्य सरकार में मंत्री बने थे। उनपर माओवादियों संग सांठ-गांठ के आरोप लगे। कुछ अन्य आरोपों के बाद से वह जेल में हैं। 

पिता के जेल जाने के बाद 2014 में उसी सीट से अंबा प्रसाद की मां निर्मला देवी विधायक चुनी गईं। साल 2016 में बड़कागांव गोलीकांड के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। निर्मला देवी की गिरफ्तारी के बाद गांववालों ने जबरन उन्हें पुलिस कस्टडी से छुड़ा लिया। इसके बाद जब मामले की सुनवाई शुरू हुई तो निर्मला देवी को तड़ीपार कर दिया गया।

2019 में उसी सीट से चुनकर अम्बा प्रसाद विधानसभा पहुंचीं। राजनीति में आने से पहले वह सिविल सर्विसेज की तैयारी करती थीं।

साभार- जनसत्ता



Comments