2 पक्षों के बीच दो घंटे तक चली फायरिंग, 3 की मौत



बिहार के मुंगेर जिले में दो पक्षों के बीच हिंसक घटना में तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मारपीट और फायरिंग की इस घटना के बाद से इलाके में तनाव है। मरने वालों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। आधा दर्जन महिला सहित कई लोग घायल भी हुए हैं। इन घायलों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

सेना का जवान चंदन शाह गिरफ्तार

मृतकों में एक पक्ष से जयजयराम साह, उसका पुत्र कुंदन साह है। जबकि दूसरे पक्ष से 18 वर्षीय सागर बिंद, पिता मोहन महतो शामिल हैं। करीब 2 घंटे तक चली गोलीबारी के बाद चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मुंगेर पुलिस ने इस मामले में आर्मी के जवान चंदन साह को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद चयां टोला इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

रंगदारी मांगने को लेकर चल रहा था विवाद

मृतक के परिजन बबलू साव की माने तो 14 साल पहले ओम प्रकाश साव ने 12 कट्ठा 3 धूर जमीन खरीदी थी। उस जमीन पर कब्जा को लेकर रामा बिंद ने ओमप्रकाश से 5 लाख रुपए रंगदारी मांगी थी। इस बात को लेकर दोनों पक्ष के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें कुछ लोग घायल भी हुए थे। घायल व्यक्ति अपना इलाज कराने सदर अस्पताल पंहुचे, वहां रात करीब 8 बजे दोनों पक्ष के बीच अचानक गोलीबारी शुरू हो गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।



Comments