बलिया : वरासत अभियान में 20 हजार से अधिक वरासत दर्ज

बलिया: शासन के निर्देश के क्रम में, वरासत के लंबित मामलों को शत प्रतिशत निस्तारित करने के लिए 15 दिसंबर से चलाया जा रहा अभियान रविवार को पूरा हो गया। जिलाधिकारी अदिति सिंह के निर्देश पर राजस्व महकमे के सभी एसडीएम-तहसीलदार से लेकर कानूनगो-लेखपाल तक इस अभियान में जी-जान से लगे थे, जिसका सुखद परिणाम भी देखने को मिला है। इस अभियान में राजस्व व चकबंदी विभाग को मिलाकर करीब 20 हजार से अधिक वरासत दर्ज कराई गई है।


इस वरासत अभियान से जुड़े आंकड़ों की जानकारी देते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी तहसीलों को मिलाकर कुल 20 हजार 55 वरासत के आवेदन आए, जिनका निस्तारण किया गया। इसके अलावा चकबन्दी विभाग व सर्वे विभाग ने भी करीब पांच सौ से अधिक वरासत इस अभियान के दौरान दर्ज किया। उन्होंने बताया कि आम जनमानस की सुविधा के दृष्टिगत अभियान के तहत गांव-गांव में खतौनी पढ़ी गई, ताकि जिनकी वरासत छूटी हो उनका पता चल सके। साथ ही मौके पर ही उनके आवश्यक प्रपत्र लेकर ऑनलाइन आवेदन करवाकर उनकी वरासत दर्ज करने की कार्यवाही की गई।



Comments