लखनऊ, 1 जनवरी। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के मेधावी छात्र कौस्तुभ सिंह को उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका की प्रतिष्ठित ड्रेक्सल यूनिवर्सिटी ने 1,63,200 अमेरिकी डालर की स्काॅलरशिप हेतु चयनित किया है। इसके अलावा, अमेरिका की ही यूनिवर्सिटी आफ मैसाचुसेट्स ने भी 64,000 अमेरिकी डालर की स्काॅलरशिप का आफर दिया है। इस प्रकार, सी.एम.एस. के इस होनहार छात्र ने अपनी लगन, प्रतिभा व शैक्षणिक उत्कृष्टता के दम पर उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ चयनित होकर लखनऊ का नाम गौरवान्वित किया है। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस मेधावी छात्र की उपलब्धि पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी सी.एम.एस. के मेधावी छात्रों को अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों द्वारा उच्च शिक्षा प्राप्त करने के प्रस्ताव लगातार मिल रहे हैं। वर्ष 2020 में सी.एम.एस. के 90 से अधिक छात्रों ने दुनिया के नामी-गिरामी विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ चयनित होकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है जबकि इस वर्ष 2021 में अभी तक 21 छात्रों को विश्व के टाॅप विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ एडमीशन के आमन्त्रण प्राप्त हुए हैं। श्री शर्मा ने आगे कहा कि सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को भारत में एवं विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। सी.एम.एस. प्रदेश में एकमात्र एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद कर रहा है। इससे पहले, विदेश में उच्चशिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक प्रदेश के छात्रों को सैट परीक्षा के लिए दिल्ली जाना पड़ता था।
(हरि ओम शर्मा)
मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी
सिटी मोन्टेसरी स्कूल, लखनऊ
addComments
Post a Comment