ठंड के मौसम में हेल्दी रखने में मददगार है खजूर, खांसी-जुकाम का खतरा होगा कम


Dates Health Benefits : खजूर शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के लेवल को भी कम करता है। इसे खाने से पेट भरा-भरा महसूस होता है, इससे आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं

Winter Health Tips : हर मौसम के अपने फायदे और नुकसान होते हैं। बदलते मौसम के साथ लोगों का खानपान भी बदल जाता है। साल 2020 कुछ ही दिनों में खत्म होने वाला है। इस साल वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के प्रकोप के कारण लोग अपनी सेहत को लेकर अत्यधिक सतर्क हो गए हैं। ऐसे में सर्दियों के मौसम में खानपान को लेकर लोगों में सजगता बढ़ना लाजिमी है। डॉक्टर्स का मानना है कि हेल्दी रहने के लिए लोगों की डाइट भी सेहतमंद होनी चाहिए। सर्दियों में खजूर खाना फायदेमंद होता है। विशेषज्ञ इसके स्वास्थ्य फायदों को देखते हुए खजूर को सर्दियों का मेवा कहते हैं। आइए जानते हैं सर्दियों में खजूर खाने के लाभ –

बढ़ती है इम्युनिटी : खजूर को सर्दियों का एक महत्वपूर्ण फूड माना जाता है। इसमें विटामिन, मिनरल, प्रोटीन फाइबर और पोटैशियम प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है। रोजाना नियमित रूप से खजूर खाने से लोगों की इम्युनिटी मजबूत होती है। डॉक्टर्स के अनुसार एक गिलास दूध में 5 से 6 खजूर  मिलाएं, साथ ही 5 काली मिर्च, 1 इलायची और एक चम्मच घी डालकर उबालें। रात को सोने से पहले इसके सेवन से सर्दी-जुकाम से जल्दी निजात मिलेगी।

स्ट्रेस होगा कम : कोविड-19 और लॉकडाउन के बीच भारतीयों में स्ट्रेस 74 फीसदी तक बढ़ा है। खजूर तनाव को कम करने में मददगार है। खजूर में विटामिन बी1, बी2, बी3 और बी5 मौजूद होता है। साथ ही, विटामिन ए1 और सी भी पाया जाता है, ये  सभी तत्व लोगों को तनावमुक्त रहने में मदद करते हैं।

ब्लड प्रेशर रहेगा नियंत्रित : खजूर को पोटैशियम का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। ये पोषक तत्व ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में कारगर साबित होता है। वहीं, मोटापा से जूझ रहे लोगों को हाई बीपी का खतरा रहता है, रोज खजूर खाने से बढ़ते वजन पर काबू किया जा सकता है। इससे बीपी के लक्षणों को कम करने में मदद मिलती है।

कम होता है डायबिटीज का खतरा : 2011 के एक अध्ययन के मुताबिक डायबिटीज के मरीजों को कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पदार्थों को अहमियत देना चाहिए। खजूर का ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी लो होता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार मधुमेह रोगी 1-3 खजूर खा सकते हैं।

दूर होगा कॉन्स्टिपेशन : फाइबर से भरपूर खजूर खाने से कब्ज की समस्या दूर होती है। यही नहीं, खजूर शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल के लेवल को भी कम करता है। इसे खाने से पेट भरा-भरा महसूस होता है, इससे आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं।




Comments