अब सीएम योगी पर मड़राया कोरोना का संकट, सुरक्षा ड्यूटी में तैनात 5 पुलिसकर्मी मिले संक्रमित


वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब निगहबानी में तैनात पांच पुलिसकर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।


हालांकि राहत की बात यह रही कि पुलिस लाइन और बीएचयू में सीएम के आगमन से पहले लगाए कैंप में पहले ही यह जानकारी सामने आ गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तत्काल सभी को आइसोलेट कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।


दरअसल, शाम पांच बजे मुख्यमंत्री योगी बीएचयू पहुंचे। सीएम के पहुंचने से पहले जिलाधिकारी कार्यालय (डीएम ऑफिस) से निर्देश जारी हुआ कि सुरक्षा में लगे सभी लोग अपना कोरोना टेस्ट करवाएं। ऐसे में आनन-फानन में बीएचयू एवं पुलिस लाइन में कोरोना टेस्ट कैंप लगवाया गया और सभी की एंटीजन किट से कोरोना जांच हुई।


बीएचयू में लगाए गए कोरोना टेस्ट कैंप में 20 पुलिसकर्मियों का टेस्ट हुआ, जिसमें किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। वहीं पुलिस लाइन में ज्यादा संख्या में लोगों का कोरोना टेस्ट करवाया गया, जहां रिपोर्ट में पांच पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए, जिससे हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इन पांचों पुलिसकर्मियों को आइसोलेट करने की व्यवस्था कर उन्हें वहां से तत्काल सुरक्षा ड्यूटी से हटाया गया।


ऐसा पहली बार हुआ जब कोरोना काल में सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन पर वाराणसी में उनकी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों का कोविड टेस्ट करवाया गया। इस महीने की शुरुआत में भी मुख्यमंत्री एक दिन के दौरे पर वाराणसी आए थे, लेकिन तब ऐसा इंतजाम नहीं किया गया था। शहर में कोविड पॉजिटिव मरीजों के इलाज में बरती जा रही लापरवाही की खबरें आने के बाद मुख्यमंत्री योगी का यह दौरा हुआ है।


Post a Comment

0 Comments