बलिया : मनियर में किशोरी की संदिग्ध मौत से सनसनी, छेड़खानी व अश्लील वीडियो बनाने के आरोपी सहित दो हिरासत में


बलिया। मनियर थाना क्षेत्र के ग्राम दक्षिणी पटखौली में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने थाना मनियर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव निवासी जाहिद ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी तथा उसके साथ छेड़छाड़ की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी थी।

इसी दौरान शनिवार को पीड़िता ने कथित रूप से आत्महत्या का प्रयास कर लिया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी जाहिद सहित दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दोषियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री दिनेश कुमार शुक्ला की वीडियो बाइट👇🏻