राजभवन शिमला में सुरेन्द्र कुमार गुप्ता का सम्मान, राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने 51 हजार जोड़ों के सामूहिक विवाह अभियान को दिया पूरा समर्थन


20 मिनट की शिष्टाचार भेंट के बाद राज्यपाल बोले— दहेज मुक्त समाज की दिशा में ऐतिहासिक पहल, हरसंभव सहयोग का भरोसा

शिमला (हिमाचल प्रदेश)। राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में प्रस्तावित 51 हजार जोड़ों के विशाल सामूहिक विवाह समारोह को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता का समर्थन प्राप्त हुआ है। शनिवार को राजभवन शिमला में मिशन के संस्थापक निदेशक एवं संयुक्त पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट की। करीब 20 मिनट चली इस मुलाकात में दहेज प्रथा उन्मूलन, सामाजिक जागरूकता और प्रस्तावित सामूहिक विवाह समारोह पर विस्तार से चर्चा हुई।

राजभवन पहुंचने पर सुरेन्द्र कुमार गुप्ता एवं उनके साथ आए प्रतिनिधिमंडल का अपर मुख्य सचिव संदीप तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद राज्यपाल के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव और अधिकारियों के साथ लगभग 50 मिनट तक विस्तृत बैठक हुई, जिसमें 30 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले 51 हजार जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह की रूपरेखा, सुरक्षा, प्रचार-प्रसार एवं विभिन्न स्तरों पर सहयोग के विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि दहेज जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ एक व्यापक जन-जागरण अभियान है। उन्होंने मिशन के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा भी व्यक्त की तथा अधिकारियों को मिशन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं मिशन के संस्थापक निदेशक सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने कहा कि राज्यपाल का समर्थन इस अभियान के लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि दहेज मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से शुरू हुई यह मुहिम अब राष्ट्रीय स्तर पर जनसमर्थन प्राप्त कर रही है और विभिन्न राज्यों के संवैधानिक पदाधिकारी भी इससे जुड़ रहे हैं।

उन्होंने राज्यपाल कविंदर गुप्ता, अपर मुख्य सचिव संदीप एवं राजभवन के सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और शासन के संयुक्त प्रयास से दहेज जैसी कुप्रथा के विरुद्ध प्रभावी बदलाव लाया जा सकता है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व त्रिपुरा के राज्यपाल, झारखंड के राज्यपाल तथा पंजाब के मुख्य सचिव भी इस अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त कर चुके हैं। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के समर्थन से मिशन को एक और महत्वपूर्ण प्रोत्साहन मिला है।

इस अवसर पर विनय कुमार यादव, विनोद सिंह सहित राष्ट्र संघ विश्व शांति मिशन के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments