बलिया : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनेश्वर मिश्र पार्क में योगाभ्यास, पौधरोपण व गंगा संरक्षण की दिलाई गई शपथ


बलिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनेश्वर मिश्र पार्क में जिला गंगा समिति, मेरा युवा भारत (माय भारत) एवं आरसेटी के संयुक्त तत्वावधान में “Yoga for Healthy Ageing” थीम पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों युवाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।


योग प्रशिक्षक प्रदीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम किए। इस दौरान लोगों को नियमित योगाभ्यास के लाभों से भी अवगत कराया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) पृथ्वीराज के. एस. बी. ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी रवि मिश्रा, आरसेटी के निदेशक सुमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जनेश्वर मिश्र पार्क परिसर में पौधरोपण किया गया। साथ ही गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपस्थित लोगों को गंगा शपथ दिलाई गई तथा हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। 


इस दौरान शलभ उपाध्याय, नवीन सिंह, वर्धन पाठक, गुप्तेश्वर सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। योगाभ्यास के साथ पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता का संदेश देने वाला यह कार्यक्रम लोगों के लिए प्रेरणादायक एवं जनजागरूकता बढ़ाने वाला साबित हुआ।






Post a Comment

0 Comments