बरेली, 26 अप्रैल 2026। साहित्य और संस्कृति के संगम से सजी एक खूबसूरत शाम का आयोजन उस समय देखने को मिला, जब रचनात्मक लेखन मंच न्यास वाराणसी की उपशाखा बरेली द्वारा एक भव्य कवि सम्मेलन, मुशायरा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कोटक लाइफ के कार्यालय में सुप्रसिद्ध कवयित्री विनीता सिसोदिया के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता मशहूर शायर विनय सागर जायसवाल ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कवि हिमांशु श्रोतिय निष्पक्ष उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शायरा सत्यवती सिंह ‘सत्या’ ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। मंच संचालन की जिम्मेदारी कवि रोहित राकेश ने बखूबी निभाई, वहीं कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदे की वंदना से हुआ, जिसे हास्य कवि मनोज दीक्षित ‘टिंकू’ ने अपने अनूठे अंदाज में प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर एक विशेष सत्र के तहत पूर्व आईजी बरेली डॉ. राकेश सिंह के चर्चित कविता संग्रह “हटकर” पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही उनकी चुनिंदा कविताओं का प्रभावशाली वाचन भी किया गया, जिसने श्रोताओं को गहराई से प्रभावित किया।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों के अतिरिक्त अनेक प्रतिष्ठित कवि, कवयित्रियाँ और शायरों ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया। इनमें निरुपमा अग्रवाल, मनीषा आहूजा, नीतू गोयल, राजबाला धैर्य, लोटा मुरादाबादी, हास्य-व्यंग्यकार दीपक मुखर्जी, ग़ज़लराज, गीतकार कमल श्रीवास्तव, फ़ईम क़रार, अम्न बरेलवी, शान ज़िया, अली कामरान, रामधनी निर्मल, मनोज सक्सेना, बिजेंद्र अकिंचन, हरिकांत मिश्रा ‘चातक’, अभिषेक अग्निहोत्री, विनीता सिसोदिया, गरिमा भारद्वाज और डॉ. अखिलेश गुप्ता सहित अन्य रचनाकार शामिल रहे। सभी ने अपनी कविताओं, ग़ज़लों और गीतों के माध्यम से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया और खूब तालियां बटोरीं।
समारोह के दौरान अध्यक्ष शायर विनय सागर जायसवाल को संस्था एवं कोटक लाइफ की ओर से शाल, प्रतीक चिन्ह और गिफ्ट पैक भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित सभी कवि, कवयित्रियों और शायरों को भी गिफ्ट पैक देकर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम में सम्मान और उत्साह का माहौल और भी प्रगाढ़ हो गया।
यह आयोजन न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए एक यादगार शाम साबित हुआ, बल्कि बरेली की सांस्कृतिक धरोहर को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य किया।



0 Comments