महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने बनारस रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं व सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर


वाराणसी, 27 अप्रैल 2026: पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सोमवार को मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के साथ बनारस रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया।


महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, प्लेटफॉर्मों की स्थिति, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, टिकटिंग, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार करते हुए उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।


निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी को यात्रियों की सुरक्षा के प्रति और अधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने स्टेशन पर चल रहे अधोसंरचना विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया।


इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन सहित मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। जनसम्पर्क अधिकारी अशोक कुमार ने उक्त जानकारी दी।



Post a Comment

0 Comments