ज्ञानेश पाठक महासचिव निर्वाचित, पत्रकार एकता और सम्मान की रक्षा का किया संकल्प
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) का बहुप्रतीक्षित चुनाव बुधवार को अनोखे और ऐतिहासिक अंदाज में संपन्न हुआ। इस चुनाव में समस्त मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए महासचिव पद के लिए अपने अमूल्य मत प्रदान किए। चुनाव परिणाम में ज्ञानेश पाठक को महासचिव पद पर निर्वाचित घोषित किया गया, जिसके बाद समर्थकों और पत्रकार साथियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
महासचिव निर्वाचित होने के बाद ज्ञानेश पाठक ने सभी मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिन साथियों ने उन्हें वोट देकर विश्वास जताया, उनका वह हृदय से धन्यवाद करते हैं, वहीं जिन साथियों ने किसी कारणवश समर्थन नहीं किया, उनके प्रति भी सम्मान और आभार प्रकट करते हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि सभी पत्रकार साथियों की जीत है।
ज्ञानेश पाठक ने आगे कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ पत्रकारों के हितों के लिए कार्य करेंगे और किसी भी साथी के मान-सम्मान एवं स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं होने देंगे। उन्होंने समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी सहित पूरी टीम को भरोसा दिलाया कि संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकारों की आवाज को बुलंद करने के लिए वह हर संभव प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि राज्य मुख्यालय के पत्रकारों के चुनाव परंपरागत रूप से विधानसभा स्थित तिलक हॉल में होते रहे हैं। इसी क्रम में 25 मार्च 2026 को एनेक्सी भवन के मीडिया सेंटर में चुनाव कराए जाने की तैयारी थी, लेकिन पत्रकारों के एक गुट द्वारा इसका विरोध किए जाने के चलते वहां मतदान नहीं हो सका।
ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए एनेक्सी भवन के सामने सड़क पर ही चादर बिछाकर मतदान कराने का निर्णय लिया। चिलचिलाती धूप के बीच पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक मतदान किया और वहीं पर सभी विजयी प्रत्याशियों के परिणाम भी घोषित किए गए। इस अनोखे आयोजन ने यह साबित कर दिया कि यदि इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो किसी भी परिस्थिति में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकता है।
ज्ञानेश पाठक ने इस अवसर पर पत्रकारों के बीच एकता बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विचारों में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए, क्योंकि इसका फायदा शासन-प्रशासन उठा सकता है। उन्होंने सभी पत्रकारों से अपील की कि वे एकजुट रहकर अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा करें।
अंत में ज्ञानेश पाठक ने सभी पत्रकार साथियों, संयोजक मंडल और सहयोगियों का दिल से धन्यवाद ज्ञापित किया और भविष्य में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।


0 Comments