बलिया। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत जनपद बलिया में बलिया पुलिस द्वारा व्यापक एवं प्रभावी जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाते हुए महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध सहायता संसाधनों की जानकारी देना है।
आज दिनांक 21 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) बलिया श्री दिनेश कुमार शुक्ला, नोडल अधिकारी मिशन शक्ति 5.0, के नेतृत्व में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर सघन जन-संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, कार्यस्थल पर उत्पीड़न जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही आपात परिस्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं तथा आत्मरक्षा से संबंधित उपयोगी एवं व्यावहारिक सुझाव भी दिए गए। पुलिस टीमों ने महिलाओं को बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करने, अपनी समस्याएं खुलकर साझा करने एवं किसी भी प्रकार की घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
बलिया पुलिस ने जनसामान्य से अपील की कि महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित किसी भी आपात स्थिति अथवा अपराध की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या हेल्पलाइन नंबर 112, 1090/1091, 181, 1930 एवं 1076 पर दें। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास बनाए रखना बलिया पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


0 Comments