बलिया। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्रीरामपुर घाट पर दो चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। यह व्यवस्था प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री एवं नगर विधायक दयाशंकर सिंह के सौजन्य से कराई गई है। चेंजिंग रूम का उद्घाटन नगर अध्यक्ष सोनी तिवारी, भाजपा महामंत्री श्याम बाबू रौनियार, और मंत्री के अनुज धर्मेंद्र सिंह द्वारा फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर घाट की साफ-सफाई भी व्यापक स्तर पर कराई गई। लोगों ने स्वेच्छा से घाट की स्वच्छता में भाग लिया। धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि स्नान के बाद महिलाओं को कपड़े बदलने की कोई उचित व्यवस्था नहीं थी, जिससे उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था। चेंजिंग रूम के निर्माण से अब यह समस्या दूर होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि अक्सर ऐसी जगहों पर चेंजिंग रूम की अनुपस्थिति के चलते असामाजिक तत्व महिलाओं की निजता का उल्लंघन कर लेते हैं, जिससे उन्हें शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है। अब इस नई सुविधा से महिलाओं को सुरक्षा और सुविधा दोनों मिलेंगी। जल्द ही घाट पर सोलर लाइट भी लगाई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर कार्यकर्ताओं ने गंगा किनारे केक काटा और उनके दीर्घायु की कामना की।
नगर अध्यक्ष सोनी तिवारी ने कहा कि गंगा दशहरा के दिन 5 जून को होने वाले स्नान पर्व पर महिलाओं को इस नई सुविधा से काफी राहत मिलेगी।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की संध्या पांडेय, जिला मंत्री संतोष सिंह, सुनील सिंह, अनिल पांडेय, अमिताभ उपाध्याय, मंजय सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
0 Comments