पुलिस कस्टडी से भाग रहे डकैत कमरुल इस्लाम और अबुल हुसैन एनकाउंटर में ढेर


गुवाहाटी के जोराबाट पुलिस चौकी की टीम द्वारा डकैती मामले में शामिल तीन डकैतों को गिरफ्तार किया गया था।

असम में कछार जिला मुख्यालय शहर सिलचर पुलिस की कस्टडी से भागने की कोशिश के दौरान रविवार की तड़के दो खूंखार डकैत पुलिस की गोली लगने से ढेर हो गए। ज्ञात हो कि गुवाहाटी के जोराबाट पुलिस चौकी की टीम द्वारा डकैती मामले में शामिल तीन डकैतों को गिरफ्तार किया गया था। जोराबाट पहुंची सिलचर पुलिस दोनों को अपनी कस्टडी में लेकर शनिवार को गुवाहाटी से सड़क मार्ग के जरिए सिलचर लेकर रवाना हुई थी।

रविवार तड़के दो डकैतों को लेकर पुलिस डकैती की गुत्थी को सुलझाने के लिए निकली थी। इस बीच दोनों डकैत भागने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों को बार-बार रुकने की चेतावनी दी, लेकिन जब वे नहीं रुके तो पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए फायरिंग कर दी। गोली लगने से कमरुल इस्लाम और अबुल हुसैन बरभुइयां गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में पुलिस इलाज के लिए अस्पताल ले गई, जहां पर डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि कछार पुलिस की सूचना पर जोराबाट पुलिस चौकी प्रभारी कपिल पाठक ने सिलचर शहर और उसके आसपास के इलाकों में हथियार के बल पर डकैती करने वाले तीन मोस्ट वांडेंट डकैतों को एक टैंकर (एमजेडयू-6822) से सिलचर से गुवाहाटी की ओर जाते समय गिरफ्तार किया था। जोराबाट पुलिस द्वारा गिरफ्तार तीनों डकैतों की पहचान कमरुल इस्लाम, अबुल हुसैन बरभुइयां और अनवर हुसैन लश्कर के रूप में की गई थी।





Comments