मुजफ्फरपुर। जिला मुख्यालय से करीब 6 किलोमीटर पूरब की ओर स्थित मुशहरी गांव में शुगर फ्री आम अमेरिकन ब्यूटी ने गांव के रहने वाले किसान भूषण सिंह को पहचान दिलाई है। उन्होंने पश्चिम बंगाल से लाकर यह किस्म अपने बगीचे में लगाई है। करीब छह साल बाद इसमें फल आने लगा। दो सालों से इसमें फल लग रहे हैं। किसान बताते हैं कि इसका मंजर और दाना सामान्य आम की तरह निकलता है। लेकिन शुरू से लेकर पकने तक यह आम 16 बार अपना रंग बदलता है। पकने के समय इसका वजन आधा किलो से ज्यादा हो जाता है। सामान्यतः इसका वजन चार सौ ग्राम होता है। पिछले साल कम फल आया था तो चर्चा नहीं हुई थी। लेकिन, इस साल के अच्छी फसल ने आम को सुर्खियों में ला दिया। इसका आकार और रंग साधारण आम से अलग है। किसान भूषण सिंह ने बताया कि यह आम पांच माह में तैयार होता है। अगले माह यानि जुलाई में यह पक कर तैयार हो जाएगा। स्वाद के सवाल पर किसान का कहना है कि इसमें मिठास कम क्योंकि यह शुगर फ्री वेरायटी है। हालांकि इसका स्वाद बहुत अच्छा है। उन्होंने बताया कि कृषि विश्वविद्यालय समस्तीपुर और राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केन्द्र मुजफ्फरपुर के वैज्ञानिकों ने भी इस आम का स्वाद चखा है।
साभार-taja report
0 Comments