बलिया : एआरटीओ द्वारा उच्च शिक्षा विभाग को सड़क सुरक्षा जागरूकता विषय पर किया गया प्रशिक्षण प्रदान


बलिया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आज दिनांक 22 मई 2022 को जनपद बलिया के उच्च शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत सभी प्राचार्यों एवं प्राध्यापकों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आनलाइन माध्यम से किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी श्री अरुण कुमार राय के द्वारा उच्च शिक्षा के प्राचार्यों एवं प्राध्यापकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। 

उन्होंने बताया कि दो पहिया वाहन से ज्यादा दुर्घटना होने का प्रमुख कारण लोगों के द्वारा हेलमेट का कम प्रयोग करना है। साथ ही तेज गति से वाहन चलाना, नशा करके वाहन चलाना, खतरनाक करतब दिखाना, वाहन चलाने के दौरान सेल्फी लेने संबंधी संस्कृति आज के समय में उभरी है। उन्होंने कहा कि तेज गति से चलने वाले वाहनों के बीच लगभग 70 मीटर की दूरी होनी चाहिए। विकसित देशों में हमारे देश के अनुपात में ज्यादा सड़क दुघर्टनाएं होती है लेकिन हताहतों की संख्या कम होती है क्योंकि वहां सड़क दुर्घटना से बचने हेतु प्रयास एवं जागरूकता ज्यादा प्रभावी होता है। उनके द्वारा यातायात एवं परिवहन संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं को बताया गया। वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग एवं एयर बैग सेफ्टी फीचर्स के बारे में जानकारी दी गई। दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में रंबलस्टीक एवं ब्लैक स्पाट के बारे बताया गया। गोल्डेन आवर की अवधि में दुर्घटना से ग्रसित व्यक्तियों को अगर एक घंटे के अंदर उपचार की सुविधा प्राप्त हो तो उसकी जान बचाई जा सकती है दुर्घटना का प्रमुख कारण ओवर लोडिंग की समस्या है इसका लोगों को विरोध करना चाहिए। सड़क दुघर्टना से संबंधित सरकारी सहायता एवं मुआवजा के बारे में भी बताया गया। 

उन्होंने लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा जिले के अंदर यातायात नियमों के उलंघन रोकने एवं अन्य सहायता हेतु विभागीय मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया। 

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल कुमार तिवारी, असिस्टेंट प्रोफेसर, कमला देवी बाजोरिया महाविद्यालय एवं कार्यक्रम समन्वय का कार्य डॉ हसीन अहमद, असिस्टेंट प्रोफेसर, राजकीय महिला महाविद्यालय ने किया डॉ. राजेश्वर कुमार, प्राचार्य राजकीय महिला महाविद्यालय के द्वारा स्वागत एवं डॉ. बैकुंठ नाथ पाण्डेय, नोडल अधिकारी, उच्च शिक्षा के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।



Comments