होली पर हुए हादसे से मचा कोहराम, गंगा नहाने गए 6 लोग डूबे


कानपुर। होली का रंग खेलने के बाद गंगा में नहाने गए 6 लोग पानी में डूब गये है। जिनमें 4 लड़के और 2 लड़कियां शामिल है। मौके पर मची चीख पुकार के बाद पानी में उतरे गोताखोरों ने 3 लोगों को बचा लिया है। जबकि तीन अन्य की पानी के भीतर तलाश जारी है।

शनिवार को महाराजपुर थाना क्षेत्र के नागापुर गंगा घाट पर होली खेलने के बाद कई लोग इकटठा होकर नहाने के लिए गए थे। गंगाघाट पर नहाने के लिये गये ग्राम नागापुर के चार लड़के और दो लड़कियां इस दौरान गंगा में डूब गए। मौके पर मची चीख पुकार के बाद तुरंत ही भागदौडकर गंगा घाट पर पहुंचे गोताखोरों ने 11 वर्षीय कुमकुम, 13 वर्षीय अरविंद तथा 12 वर्षीय शिवम निवासी ग्राम नयाखेड़ा मजरा नागापुर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जबकि पानी के भीतर समाये 22 वर्षीय श्यामसुंदर, 27 वर्षीय दिनेश एवं 12 वर्षीय साक्षी की गोताखोरों द्वारा अभी तलाश की जा रही है। 

मौके पर अनेक लोगों की भीड़ लगी हुई है और पुलिस भी जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंच गई है। पुलिस की मौजूदगी में बचाव एवं राहत कार्य जारी रखते हुए लापता हुए 3 लोगों की तलाश की जा रही है।






Comments