मकर संक्रांति 2022 स्नान दान का समय जानें


मकर संक्रांति का त्योहार इस साल 14 जनवरी को पूरे देश में मनाया जा रहा है। लेकिन मत भिन्नता की वजह से कुछ लोग 15 जनवरी को भी मकर संक्रांति का त्योहार मनाएंगे ऐसे में इस साल मकर संक्रांति पर स्नान दान का समय और मुहूर्त कब से कब तक रहेगा यह सभी लोग जानना चाहते हैं।

मकर संक्रांति पुण्य काल : हिंदू धर्म में मकर संक्रांति का बड़ा ही महत्व है। इस दिन सूर्य देव उत्तरायण होते हैं यानी उत्तरी गोलार्ध में आ जाते हैं। धार्मिक दृष्टि से ऐसा माना जाता है कि इस दिन से देवलोक यानी स्वर्ग के दिन का आरंभ होता है। इस दिन स्वर्ग के दरवाजे खुल जाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में भी कहा है कि उत्तरायण और शुक्ल पक्ष में जो लोग देह त्याग करते हैं उन्हें फिर देह धारण करके मृत्यु लोक में नहीं आना होता है यानी उन्हें मुक्ति मिल जाती है।

मकर संक्रांति दान महिमा : पुराणों और धार्मिक ग्रंथों में बताया गया है कि सूर्य के उत्तरायण होने के दिन यानी मकर संक्रांति के दिन दान और सूर्य देव, नवग्रह और देवी-देवताओं की पूजा करने से अन्य दिनों में किए गए दान-धर्म से अधिक पुण्य की प्राप्ति होती है। ऐसी मान्यता है कि भगवान सूर्य ने शनि देव को वरदान दिया है कि साल में एक बार जब वह शनि देव की राशि मकर में आएंगे तो शनि के घर को संपन्न बनाएंगे। शनि देव ने अपने घर यानी मकर राशि में आने पर सूर्य देव की तिल, गुड़ से पूजा की थी। इस समय से परंपरा चली आ रही है कि मकर संक्रांति के दिन शनिदेव की और सूर्य देव की प्रसन्नता के दिन जरूरतमंदों को ऊनी वस्र, रूई, कंबल, जूते, अन्न, तिल और गुड़ का दान करना चाहिए।

मकर संक्रांति पर स्नान का समय : मकर संक्रांति यानी सूर्य का मकर राशि में प्रवेश इस वर्ष दोपहर 2 बजकर 29 मिनट पर होने जा रहा है। ऐसे में शास्त्रीय मत के अनुसर इस वर्ष मकर संक्रांति पर स्नान के पुण्य काल का आरंभ सुबह 8 बजकर 05 मिनट पर होगा और शाम में सूर्यास्त से पूर्व तक रहेगा। ऐसे इसलिए हो रहा है क्योंकि सुबह 8 बजकर 5 मिनट से निरयण उत्तरायण आरंभ हो जाएगा। वैसे शास्त्रों में बताया गया है कि सूर्य के मकर राशि या किसी भी अन्य राशि में प्रवेश से 6 घंटे पूर्व और 6 घंटे बाद तक संक्रांति का पुण्य काल रहता है।

मकर संक्रांति पर दान का समय : मकर संक्रांति के दिन स्नान के उपरांत सूर्य सहित नवग्रहों की पूजा और भगवान विष्णु की पूजा के बाद दान आरंभ करना चाहिए। आपकी जो भी श्रद्धा हो उसके अनुसार आप वस्त्र, अन्न और धन का दान कर सकते हैं। मकर संक्रांति के दिन तिल और खिचड़ी का दान बहुत ही शुभ माना गया है। दान का समय सुबह 8 बजकर 5 मिनट से सूर्यास्त पूर्व तक रहेगा।

-पं. राकेश झा



Comments