वाराणसी 13 दिसम्बर, 2021; महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे श्री विनय कुमार त्रिपाठी ने अपने दो दिवसीय वाराणसी दौरे में आज 13 दिसम्बर, 2021 को मंडल कार्यालय के प्रेमचंद सभागार कक्ष में मंडल रेल प्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय, अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य प्रशासन) श्री राहुल श्रीवास्तव सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारियों, निर्माण संगठन के अधिकारीयों एवं रेल विकास निगम लिमिटेड के अधिकारीयों के साथ वाराणसी मंडल पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने वाराणसी मंडल पर दोहरीकरण समेत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों के लिए आवंटित बजट, कार्य योजनाएँ, समय सीमा एवं कार्य के दौरान आने वाली भौतिक एवं व्यवहारिक कठिनाइयों पर विस्तार से परिचर्चा की गई। इसके साथ ही विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर सामान्य रेल यातायात को कम से कम प्रभावित करते हुए पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने मंडल की वार्षिक आय एवं व्यय, रेल मद्द पर दर्ज होने वाली शिकायतों, न्यायालयों में लम्बित मामलों तथा समयपालन की समीक्षा की। उन्होंने मंडल की आय में वृद्धि तथा खर्च में मितव्ययिता किये जाने का सुझाव देते हुये कहा कि इस दिशा में मंडल को सदैव सजग रहना होगा। समयपालन को सुद्रढ़ करने के लिए उन्होंने निर्देश दिया कि समयपालन की राह में आ रहे अवरोधों की नियमित निगरानी की जाए और अवरोधों को दूर कर ट्रेनों का शत-प्रतिशत समयपालन सुनिश्चित किया जाए। यात्री सुविधा के क्षेत्र में शिकायतों को न्यून करने के लिए ठोस कदम उठाये जाएँ तथा यात्रियों की सुविधा सम्बन्धी शिकायतों के लिए दोषी कर्मचारियों पर उत्तरदायित्व सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मंडल की लम्बित योजनाओं हेतु अनुमानित बजट एवं कार्य योजनाओं को पहले से तैयार रखने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण श्री राजीव कुमार (वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से), मुख्य परियोजना प्रबंधक रेल विकास निगम लिमिटेड श्री विकास चन्द्रा एवं मंडल रेल प्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से महाप्रबंधक को वाराणसी मंडल पर चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से क्रमवार अवगत कराया।
इसके पश्चात महाप्रबंधक श्री त्रिपाठी ने वाराणसी सिटी एवं बनारस स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों स्टेशनों के सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तार एवं सुन्दरीकरण, स्टेशन भवन की साज-सज्जा, साफ-सफाई, सभी श्रेणी के यात्री प्रतिक्षालय, सामान्य यात्री हाल, यात्री सुविधाओं के उन्नयन के विभिन्न सुधार एवं विकास कार्यों का संज्ञान लिया और सम्बंधित को निर्देश दिया।
अशोक कुमार
जनसम्पर्क अधिकारी, वाराणसी।
0 Comments