स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य कारखाना प्रबन्धक/यांत्रिक योगेश मोहन ने किया ध्वजारोहण


गोरखपुर, 17 अगस्त, 2021:  रेलवे यांत्रिक कारखाना, गोरखपुर में 15 अगस्त, 2021 को 75वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि योगेश मोहन, मुख्य कारखाना प्रबन्धक/यांत्रिक ने झंडारोहण किया तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। 

इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबन्धक ने अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में यांत्रिक कारखाना के कोच अनुरक्षण तथा कर्मचारियों को दी जा रही सुविधाओं के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी।

समारोह में यांत्रिक कारखाना कला समिति द्वारा देश भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्यतः कुमारी बैभवी पाण्डेय, कुमारी अर्पिता पाण्डेय एवं प्रीयांसी दूबे ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया तथा बीटीसी की महिला रेलकर्मियों द्वारा सामूहिक देश भक्ति गान प्रस्तुत किया गया, जिससे सभी उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारीगण देश प्रेम से ओत-प्रोत हो गये।

इसके अतिरिक्त वर्तमान कोविड-19 को देखते हुए कोविड संक्रमण से बचाव व रोकथाम पर नाटक प्रस्तुत किया गया, ताकि आम जनमानस को जागरूक किया जा सके।

कार्यक्रम का समापन कार्मिक अधिकारी/कारखाना श्री गोपाल प्रसाद गुप्ता द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी/कारखाना श्री आनन्द कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर यांत्रिक कारखाना के अधिकारी एवं कर्मचारियों तथा मान्यता प्राप्त यूनियन के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

(पंकज कुमार सिंह)

 मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी

सम्पादक/ब्यूरो प्रमुख, गोरखपुर।



  

                                                            


Comments