पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन द्वारा माल लदान में वृद्धि हेतु अपनायी जा रही बेहतर विपणन नीति

 


गोरखपुर 23 जुलाई, 2021: पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन पर माल लदान में वृद्धि हेतु अपनायी जा रही बेहतर विपणन नीति के सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो रहे हैं। मुख्यालय एवं मंडलों में गठित बिजनेस डेवलपमेन्ट यूनिटों के समेकित प्रयासों एवं रेल प्रशासन द्वारा माल लदान के लिये उपलब्ध करायी जा रही अनेक सुविधाओं एवं माल गोदामों में सुधार एवं विस्तार के फलस्वरूप उद्योग एवं व्यापार जगत का रेल की ओर निरन्तर रूझान बढ़ रहा है। 

पूर्वोत्तर रेलवे में माल लदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए निर्धारित लक्ष्य से काफी अधिक माल यातायात प्राप्त करने में सफलता प्राप्त की है। इसी क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के हल्दी रोड स्टेशन से खड़गपुर-हावड़ा रेल खंड पर स्थित ’सांकराईल रेल गुड्स टर्मिनल यार्ड’ के लिये 25 वैगन मैगी की लोडिंग 22 एवं 23 जुलाई, 2021 को की गयी। 25 एन.एम.जी. वैगनों में कुल 2376 कुन्तल मैगी की लोडिंग की गयी जिनसे रू. 8,76,267/- रेल राजस्व की प्राप्ति हुई। पुराने आई.सी.एफ. कोचों से परिवर्तित कर बनाये गये नये एन.एम.जी. वैगनों मेें रेल प्रशासन द्वारा खाद्य सामग्री, एफ.एम.सी.जी. प्रोडेक्ट एवं अन्य खुदरा वस्तुओं के परिवहन की अनुमति भी दे दी गयी है। परिणामस्वरूप इन नये एन.एम.जी. वैगनों में प्रथम बार पूर्वोत्तर रेलवे पर खाद्यय पदार्थों के अन्तर्गत मैगी का परिवहन किया जा रहा है।

माल लदान में वृद्वि हेतु रेलवे प्रशासन द्वारा सुनियोजित तरीके से कार्य किया जा रहा है। व्यापारियों की सुविधा के लिये मालगोदामों पर सुधार एवं विस्तार किया गया है। इसके अन्तर्गत 22 नये माल गोदाम खोले गए तथा 23 माल गोदामों को 24 घंटे कार्य हेतु विकसित किया गया है। माल गाड़ियों की औसत गति में सुधार कर इसे लगभग 50 किमी. प्रति घंटा किया गया है। माल परिवहन को बढ़ावा देने के अनेकों प्रयासों के फलस्वरूप पूर्वोत्तर रेलवे पर आटोमोबाइल सेक्टर एवं एफ.एम.सी.जी. उत्पादों जैसे- नये सामानों का माल परिवहन प्राप्त हो रहा है। वर्ष 2021-22 में माह जून, 2021 तक प्रथम तिमाही में पूर्वोत्तर रेलवे पर कुल 0.8912 मिलियन टन माल का लदान प्राप्त हुआ जो गत वर्ष की इसी अवधि के माल लदान की तुलना में 126 प्रतिशत अधिक है। 


(पंकज कुमार सिंह)

                                                      मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी

सम्पादक/ब्यूरो प्रमुख, गोरखपुर।







Comments