वाराणसी, 16 अप्रैल 2026। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान के नेतृत्व में वाराणसी मंडल पर ट्रेनों में अवैध वेंडिंग और अनधिकृत पानी की बोतलों की बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को गाड़ी संख्या 12557 मुजफ्फरपुर-नई दिल्ली सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस की पैंट्री कार (कोच संख्या 111420/C) में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक कप्तानगंज श्री महेन्द्र शुक्ला द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पैंट्री कार में कोई अनधिकृत यात्री नहीं पाया गया, लेकिन वहां 3 पेटी में कुल 36 बोतल पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर स्थानीय ब्रांड "सिग्नेचर" का स्टॉक मिला।
उक्त पानी की बोतलों को नियमों के उल्लंघन के तहत जब्त करते हुए वाणिज्य अधीक्षक, कप्तानगंज को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया। साथ ही पैंट्री कार मैनेजर श्री नीरज सिंह को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
रेलवे प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान यात्रियों को सुरक्षित एवं मानक गुणवत्ता वाली सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी इस तरह की औचक जांच जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जानकारी जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी श्री अशोक कुमार द्वारा दी गई।


0 Comments