नहीं रहे रामायण में ‘रावण’ का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी


रामानंद सागर की ‘रामायण’ में रावण का किरदार निभा चुके एक्टर अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया। अरविंद त्रिवेदी ने 82 साल की उम्र में दुनिया से विदा ले ली है। एक्टर लंबे समय से बीमार चल रहे थे। बीती रात (मंगलवार) अरविंद त्रिवेदी को हार्ट अटैक आने की वजह से उनका निधन हो गया। अरविंद त्रिवेदी के निधन की पुष्टि उनके भतीजे कौस्तुभ त्रिवेदी ने भी की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरविंद त्रिवेदी का अंतिम संस्कार आज (बुधवार) सुबह मुंबई के दहानुकरवाड़ी श्मशान घाट में किया जाएगा। अरविंद त्रिवेदी को पॉपुलर टीवी सीरियल रामायण से खूब प्रसिद्धी मिली थी। इस सीरियल के बाद से ही वह घर-घर में पॉपुलर हो गए थे।

अरविंद त्रिवेदी के निधन की खबर से पूरी टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। इस शो से जुड़े कई कलाकारों ने इस खबर को सुनते ही अरविंद त्रिवेदी के जाने का शोक प्रकट किया। रामायण में राम का किरदार निभाना चुके एक्टर अरुण गोविल और लक्ष्मण का रोल प्ले कर चुके सुनील लहरी से लेकर महाभारत के एक्टर गजेंद्र चौहान तक एक्टर्स ने अरविंद त्रिवेदी को सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की।

गजेंद्र चौहान ने अपने पोस्ट में कहा- ‘नहीं रहे ‘रामायण’ के रावण यानी अभिनेता श्री अरविंद त्रिवेदी, 82 साल की उम्र में मुंबई में ली आखिरी सांस। मंगलवार रात हार्ट अटैक से हुआ निधन। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।’

एक्टर अरुण गोविल ने कहा- ‘आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक,धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया। नि:संदेह वे सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे।’

एक्टर सुनील लहरी ने भी इंस्टाग्राम पर अरविंद त्रिवेदी को एक पोस्ट कर याद किया। सुनील लहरी ने अरविंद त्रिवेदी की तस्वीरें पोस्ट कर कैप्शन में लिखा- ‘बहुत दुखद समाचार है, हमारे सबके प्यारे अरविंद भाई (रावण ऑफ रामायण) अब हमारे बीच नहीं रहे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैंने अपने पिता समान शख्सियत को खो दिया है जो कि हमेशा मुझे राह दिखाते थे, मेरा हमेशा अच्छा चाहते थे। वह एक जेंटलमैन थे।




Comments