आखिर साथ छोड़ गए दिलीप कुमार, 98 साल की उम्र में निधन



बॉलिवुड के सबसे चहेते कलाकारों में से एक दिलीप कुमार का बुधवार 7 जुलाई को सुबह निधन हो गया। दिलीप कुमार को बॉलिवुड का पहला सुपरस्टार माना जाता है और उन्होंने एक से बढकर एक सुपरहिट फिल्में दी थीं।

बॉलिवुड के सबसे चहेते और उम्दा कलाकार रहे दिलीप कुमार का बुधवार 7 जुलाई 2021 को सुबह निधन हो गया। वह 98 साल के थे और पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और मुंबई के हिंदुजा हॉस्पिटल में भर्ती थे। दिलीप कुमार के डॉक्टर जलील पारकर ने निधन की खबर को कन्फर्म किया है। दिलीप कुमार का अंतिम संस्कार आज मुंबई के सांताक्रूज कब्रिस्तान में किया जाएगा।

दिलीप कुमार पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें हाल में हॉस्पिटल में भी भर्ती कराया गया था। दिलीप कुमार को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो ने एक दिन पहले बताया था कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है लेकिन आज सुबह उनका निधन हो गया।

दिलीप कुमार का असली नाम मोहम्मद यूसुफ खान था और उनका जन्म अविभाजित भारत के पेशावर में 11 दिसंबर 1922 को हुआ था। उन्होंने साल 1944 में फिल्म 'ज्वार भाटा' से बॉलिवुड डेब्यू किया था। इसके बाद दिलीप कुमार बॉलिवुड के पहले सुपरस्टार बने और उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्में दीं।

साभार- नव भारत टाइम्स




Comments