बलिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर आगामी 2 अक्टूबर 2020 को 11 बजे से 1 बजे तक गांधी जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित चौक पर गांधी प्रतिमा के सामने समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता 2 घंटे का मौन व्रत रख किसान, नौजवान, आम इंसान और विपक्ष का दमन कर सत्ता द्वारा की जा रही लोकतंत्र की हत्या के खिलाफ सत्याग्रह करेंगे।
उक्त जानकारी देते हुए समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय "कान्हजी" ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के प्रति जनता में आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। किसानों से खेत मालिक की जगह छीनकर खेत मजदूर बनाने की साजिश हो रही है। सरकार किसानों को धान, गेहूं की फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी नहीं दिलाना चाहती है। खुले बाजार के नाम पर बड़े व्यापारियों को औने-पौने दाम पर फसल खरीदने की छूट दी जा रही है। मंडी व्यवस्था समाप्त की जा रही है।
कान्ह जी ने कहा कि लाॅकडाउन में श्रमिकों की नौकरियां छूटी हैं। प्रदेश में पूंजीनिवेश न होने और उद्योग न लगने से रोजगार का संकट है। उसमे भी बलिया जैसे पिछड़े जनपद की स्थिति और सोचनीय है। इसके बावजूद भाजपा सरकार 100 की जगह अब 300 कर्मचारियों वाली फैक्ट्रियों में मालिक की जब मर्जी हो छंटनी करने का प्राविधान ले आई है। युवाओं द्वारा अपनी मांगें रखने पर उनपर लाठियां चल रही है। भाजपा सरकार सिर्फ दमन और शोषण के रास्ते पर चलती है। इसके विरोध में समाजवादी पार्टी के लोग जनपद बलिया में शांतिपूर्ण ढंग से गांधी प्रतिमा पर मौन सत्याग्रह करेंगे।
addComments
Post a Comment