बलिया। जनपद के बैरिया विधानसभा क्षेत्र के घाघरा के किनारे बसे मतदाताओं से भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह मस्त ने गुरूवार को संवाद स्थापित किया। गर्मी एवं बाढ़ के समय होने वाली परेशानियों को नजदीक से देखा। गवई अंदाज में पेड़ों के नीचे छाया में चौपाल लगाकर जनसमस्यायें सुनी और भविष्य में समाधान का भरोसा दिया। बैरिया विधायक, पूर्व विधायक समेत कई पार्टी नेताओं ने किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मस्त ने कहा कि इसी विधानसभा का निवासी होने के नाते मैं आपका दुःख दर्द महसूस कर सकता हूं। आग एवं बाढ़ की विभीषिका आफत लेकर आती है और सभी को तबाह करके चली जाती है। आग एवं बाढ़ के बाद की स्थिति और अधिक भयावह होती है। दुर्भाग्य है कि इन्हीं दो परिस्थितियों में इस क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय फलक पर देखने व सुनने को मिलता है, परंतु अब ऐसा नहीं होगा। नए भारत में नई सरकार बनेगी और विकास के सभी कार्य नए अंदाज में होंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में विकास की संभावनाएं तलाश कर उसे धरातल पर लागू की जाएगी।
बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि मोदी सरकार आने के बाद विकास का तरीका बदला है। सौभाग्य है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय नेता को यहां से प्रत्याशी बनाया है। नया भारत का नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री देश का कायाकल्प करने में सक्षम होगा। विश्व में भारत का ध्वज लहराएगा और विश्व गुरू की दृष्टि भारत को देखा जाएगा। पूर्व विधायक भगवान पाठक ने कहा कि इस क्षेत्र के किसान, मजदूरों की हालत निकट भविष्य में बेहतर होगी और बाढ़ से स्थाई निजात मिलेगा।
दियरांचल के क्षेत्र भोपालपुर, शेरपुर, भीसीया, दतहा, भरौटी दतहा, लहुटी, मुनिछपरा, गंगा पाण्डेय के टोला, नवका गांव, अचलगढ़ की जनता ने भाजपा प्रत्याशी मस्त को फूलमालाओं से लाद दिया। जगह-जगह आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में मोहन सिंह, विजय बहादुर, कमांतक पाण्डेय, संजीव सिंह, कन्हैया सिंह, श्याम सुंदर उपाध्याय, परशुराम सिंह, बैरिया मंडल अध्यक्ष रमाकांत, मुरली छपरा अध्यक्ष मंटू बिंद, ओमप्रकाश सिंह, धर्मेन्द्र तिवारी, केदार सिंह, विजय ओझा अचलगढ़, रामनाथ सिंह आदि सैकड़ों लोग देर रात तक डटे रहे।
0 Comments