बलिया। आज दिनांक 31.10.2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बलिया श्री ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक बलिया डॉ0 ईरज राजा द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर श्री सतीश कुमार शर्मा की उपस्थिति में अभियोजन विभाग के अधिकारीगणों/कर्मचारीगणों एवं शासकीय अधिवक्ताओं के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 'ऑपरेशन कनविक्शन' (Operation Conviction) के तहत जघन्य अपराधों, विशेषकर पाक्सो एक्ट (POCSO Act) और एस.सी./एस.टी. एक्ट (SC/ST Act) से जुड़े मामलों में अपराधियों को त्वरित एवं सख्त से सख्त सजा दिलाना तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
बैठक के मुख्य बिंदु एवं निर्देश निम्नलिखित हैं :-
ऑपरेशन कनविक्शन की समीक्षा : जिलाधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा ने 'ऑपरेशन कनविक्शन' अभियान के अंतर्गत चिन्हित सनसनीखेज व जघन्य अपराधों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने पाक्सो और एससी/एसटी एक्ट के लंबित मामलों में कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को अधिकतम सजा दिलाने के निर्देश दिए।
विवेचना निस्तारण में तेजी : पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर मामलों में विवेचना (जांच) का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। चार्जशीट (आरोप पत्र) को कोर्ट में दाखिल करने से पहले अभियोजन विभाग द्वारा उसका कड़ाई से परीक्षण (वेटिंग) सुनिश्चित किया जाए ताकि केस विधिक रूप से मजबूत रहे।
गवाहों की शत-प्रतिशत उपस्थिति : बैठक में निर्देश दिया गया कि मुकदमों में गवाहों की समय पर माननीय न्यायालय के समक्ष उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। पुलिस व अभियोजन आपसी समन्वय बनाकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी महत्वपूर्ण गवाह छूटने न पाए, जिससे केस कमजोर न हो।
माल मुकदमाती (मालखाना) का सुव्यवस्थित प्रबंधन : थानों के मालखानों में रखे माल मुकदमाती के त्वरित निस्तारण तथा न्यायालय में पहचान व साक्ष्य के लिए समय पर सुरक्षित रूप से पेश करने के कड़े निर्देश दिए गए।
सख्त सजा के लिए समन्वय : एसपी बलिया ने कहा कि हाल ही में पाक्सो और हत्या के मामलों में मॉनिटरिंग सेल व अभियोजन की मजबूत पैरवी से अपराधियों को कड़ी सजाएं मिली हैं। इस गति को बरकरार रखते हुए पाक्सो व महिला अपराध से जुड़े अपराधियों को किसी भी दशा में बख्शा न जाए।
बैठक के अंत में एस.पी बलिया ने स्पष्ट किया कि पीड़ित परिवारों को त्वरित न्याय दिलाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता न बरती जाय।

.jpg)

