मूसलाधार बारिश भी नहीं डिगा सकी श्रद्धालुओं की आस्था, जया किशोरी की भागवत कथा में उमड़ा भक्तों का सैलाब


जया किशोरी ने अच्छे कर्म, प्रेम, करुणा और सदाचार का दिया संदेश, भजनों पर भक्त हुए भावविभोर

बलिया। छोड़हर (गजियापुर) स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा में शुक्रवार को तीसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रसिद्ध कथावाचिका जया किशोरी के श्रीमुख से भागवत कथा का रसपान करने के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सका। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवा श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे और पूरी श्रद्धा के साथ कथा का श्रवण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बसंतपुर के नित्यानंद गिरी ने विधि-विधान के साथ व्यासपीठ का पूजन-अर्चन कर कथा का शुभारंभ कराया।

कथावाचिका जया किशोरी ने अपने प्रवचन में कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए और दूसरों के प्रति प्रेम, करुणा, दया तथा सद्भाव का भाव रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भक्ति का अर्थ केवल पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि अपने आचरण, व्यवहार और विचारों में अच्छे संस्कारों को आत्मसात करना भी सच्ची भक्ति है। मनुष्य की पहचान उसके पद, प्रतिष्ठा अथवा धन से नहीं, बल्कि उसके कर्मों और व्यवहार से होती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में ऐसे कार्य करने चाहिए, जिससे समाज और दूसरे लोगों का कल्याण हो सके।


उन्होंने भगवान के स्मरण और सत्संग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्संग मनुष्य के विचारों को शुद्ध करता है तथा उसे जीवन में सही दिशा प्रदान करता है। श्रीमद् भागवत महापुराण की शिक्षाएं व्यक्ति को धर्म, सत्य, प्रेम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। जीवन में चाहे कितनी भी कठिनाइयां आएं, मनुष्य को अपने संस्कार, नैतिकता और ईश्वर के प्रति विश्वास नहीं छोड़ना चाहिए। अच्छे विचार और श्रेष्ठ कर्म ही जीवन को सार्थक बनाते हैं।

जया किशोरी के सरल, सहज और भावपूर्ण प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। कथा के दौरान बीच-बीच में प्रस्तुत किए गए उनके मधुर भजनों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते और भगवान की भक्ति में लीन दिखाई दिए। मंदिर परिसर में चारों ओर जयकारों और भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही।


लगातार बारिश के चलते शुक्रवार को कथा का शुभारंभ निर्धारित समय से कुछ विलंब से हुआ, लेकिन श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। बड़ी संख्या में भक्त समय से ही कथा स्थल पर पहुंचकर कथावाचिका के आगमन और प्रवचन का इंतजार करते रहे। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की निरंतर उपस्थिति ने आयोजन के प्रति लोगों की गहरी आस्था और उत्साह को प्रदर्शित किया। पूरा कथा परिसर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।



अविनाश तिवारी "गोलू"✍️